“कॉप ऑफ़ द मंथ” बने निरीक्षक शिवशंकर हुर्रा, उत्कृष्ट कार्य के लिए 5 पुलिसकर्मी सम्मानित
इतेश सोनी गरियाबंद : गरियाबंद पुलिस द्वारा “कॉप ऑफ़ द मंथ” पहल के अंतर्गत मई माह में उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले पाँच पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान का उद्देश्य पुलिस विभाग में सेवा भावना, सक्रियता एवं जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस माह थाना मैनपुर के प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर हुर्रा को “कॉप ऑफ़ द मंथ” के खिताब से नवाजा गया। उन्होंने लूट, गांजा तस्करी तथा बलात्कार जैसे गंभीर प्रकरणों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कानूनी कार्यवाही को गति दी। उनकी त्वरित कार्रवाई एवं कर्तव्यनिष्ठा की पुलिस विभाग ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
इस सम्मान सूची में अन्य चार अधिकारी/कर्मचारी भी शामिल हैं:
1. निरीक्षक अमृत साहू, थाना राजिम – म्यूल खाताधारकों, जिला बदर व्यक्तियों एवं नए गुंडे-बदमाशों की हिस्ट्री खोलने तथा बीएनएसएस की धारा 129 के अंतर्गत कार्यवाही में सक्रिय भूमिका।
2. आरक्षक जय कंसारी, थाना देवभोग – अपने मुखबिर के माध्यम से 56 किलो गांजा पकड़वाने व आरोपी की गिरफ्तारी में अहम योगदान।
3. आर. 154 सतीश गिरी गोस्वामी, स्पेशल टीम गरियाबंद – ₹60 लाख की धोखाधड़ी एवं म्यूल खाताधारकों की गिरफ्तारी में विशिष्ट योगदान।
4. आर. 295 कृतेश प्रजापति, स्पेशल टीम गरियाबंद – ₹60 लाख की धोखाधड़ी में संलिप्त म्यूल खाताधारकों की गिरफ्तारी में विशेष भूमिका।
इस अवसर पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी विकास पाटले ने निरीक्षक शिवशंकर हुर्रा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “शिवशंकर हुर्रा अपने कार्य को लेकर सदैव सजग रहते हैं। उनकी सक्रियता व निष्पक्षता से थाने में आए मामलों पर त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को सजा तथा बेगुनाहों को न्याय दिलाया जाता है।”
“कॉप ऑफ़ द मंथ” पहल से अधिकारी/कर्मचारियों में कर्तव्यनिष्ठा को बढ़ावा मिलता है एवं विभाग में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। इस पहल को भविष्य में भी जारी रखने की योजना है।
