उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध चराई पर 8 गिरफ्तार, डेरों को किया नष्ट
इतेश न्यूज़ सर्विस, गरियाबंद।उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व और ओडिशा के सोनाबेड़ा अभ्यारण्य क्षेत्र में अवैध चराई को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। राजस्थान से लाए गए करीब 3 से 4 हजार भेड़-बकरी और घोड़ों के साथ 5 अवैध चरवाहा डेरों को नष्ट कर दिया गया है। साथ ही आरोपियों पर कुल 4 लाख रुपये की सुपुर्दगी राशि भी वसूली गई है।
यह कार्रवाई टाइगर रिजर्व के कुल्हाड़ीघाट वन परिक्षेत्र अंतर्गत बीट नगरार और आमामोरा के जंगलों में की गई, जहां नागौर (राजस्थान) से आए चरवाहे अवैध रूप से डेरा जमाकर सैकड़ों भेड़-बकरियों को चरा रहे थे। इस पर वन विभाग की एंटी-पोचिंग टीम ने एक विशेष ऑपरेशन चलाया।
छापेमारी के दौरान राजस्थान के 6 आरोपी — लादूराम, रामनिवास, रुपा, गोपी, प्रेम और नेहरू — तथा ओडिशा के 2 आरोपी — शंकर और मानसिंग — को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ये भेड़-बकरियाँ टाइगर रिजर्व क्षेत्र के चारागाह को भारी नुकसान पहुँचा रही थीं, जिससे स्थानीय मवेशियों और जंगल के शाकाहारी वन्य जीवों के लिए चारे का संकट उत्पन्न हो गया था।
इस कार्रवाई को टाइगर रिजर्व की रक्षा और जैव विविधता संरक्षण के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है। विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी और कार्यवाही की जाएगी।
