दिल्ली,ऋषभ पंत को लॉरियस वर्ल्ड कमबैक ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए नामांकित किया गया
दिल्ली,ऋषभ पंत को लॉरियस वर्ल्ड कमबैक ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए नामांकित किया गया
दिसंबर 2022 में एक भयानक कार दुर्घटना से बचने के बाद वापसी करने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर बल्लेबाज-कीपर को कमबैक ऑफ द ईयर श्रेणी में प्रतिष्ठित लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड 2025 के लिए नामित किया गया है। पुरस्कार समारोह 21 अप्रैल को मैड्रिड में होगा। पंत को 30 दिसंबर, 2022 को दिल्ली से अपने गृहनगर रुड़की जाते समय कार दुर्घटना का सामना करना पड़ा था।
देहरादून के एक अस्पताल में शुरुआती उपचार के बाद पंत को एयरलिफ्ट करके मुंबई ले जाया गया, जहां वह बीसीसीआई के विशेषज्ञ सलाहकार की देखरेख में थे। दाएं घुटने के तीनों लिगामेंट के पुनर्निर्माण के लिए सर्जरी किए जाने के बाद पंत ने बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अपना पुनर्वास किया। 27 वर्षीय पंत ने उल्लेखनीय सुधार किया और पिछले साल मुलनपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपनी तत्कालीन आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के लिए वापसी की। पंत ने टेस्ट क्रिकेट में विजयी वापसी की और कार दुर्घटना के बाद बांग्लादेश के खिलाफ़ अपने पहले मैच में शतक बनाया। उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 280 रनों से जीत हासिल की।
