June 13, 2026

दिल्ली को मिली चौथी महिला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आज शपथ समरोह

Rekha Gupta

रामलीला मैदान में तैयारियां पूरी

नई दिल्ली: रेखा गुप्ता के रूप में दिल्ली को एक बार फिर महिला नेतृत्व हासिल हुआ है। वह दिल्ली की ओवरऑल चौथी और लगातार दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली को पहली महिला मुख्यमंत्री देने का श्रेय भी बीजेपी को ही जाता है, जब अक्टूबर 1998 में सुषमा स्वराज को सीएम बनाया गया था। हालांकि, वह 2 महीने से भी कम समय तक मुख्यमंत्री रही थीं। उसके बाद जब विधानसभा चुनाव हुए, तो कांग्रेस ने जीत हासिल करके शीला दीक्षित को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया, जो 15 साल तक दिल्ली की सीएम रहीं।
2013 में आम आदमी पार्टी दिल्ली की सत्ता में आई और लगातार तीन बार विधानसभा का चुनाव जीती। हालांकि, तीनों बार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही बने, लेकिन पिछले साल शराब नीति में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई और जमानत पर जेल से बाहर निकलने के बाद सितंबर में उन्होंने इस्तीफा देकर आतिशी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया। तब से अभी तक आतिशी ने ही दिल्ली की कमान संभाल रखी थी। अब जब 27 साल बाद दिल्ली में फिर से बीजेपी की सरकार बनी है, तो पार्टी ने वहीं से अपनी यात्रा को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया, जहां पर पिछली बार वह थमी थी और सुषमा स्वराज के बाद रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री चुनकर दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री देने का काम किया।

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 12 दिन बाद दिल्ली को नया सीएम मिलेगा। रामलीला मैदान में शपथ समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा सभी प्रमुख केंद्रीय मंत्री और पार्टी के सभी सीनियर नेता और पदाधिकारी भी शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर दिल्ली में ट्रैफिक अडवाइजरी जारी की गई है।
रामलीला मैदान में सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड कमांडो, दिल्ली पुलिस के जवान और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात हैं। आज 11 बजे से यहां दिल्ली की नई सीएम और मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह होना है।

प्रवेश वर्मा ने रखा प्रस्ताव

खास बात यह भी है कि सुषमा स्वराज ने बीजेपी के ही पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की जगह मुख्यमंत्री का जिम्मा संभाला था और अब बुधवार को जब बीजेपी के विधायक दल की बैठक हुई, तो केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा को ही मुख्य प्रस्तावक बनाया और उन्होंने ही सबसे पहले रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुनने के लिए प्रस्ताव रखा, जिसका सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने अनुमोदन और बाकी सभी विधायकों ने समर्थन किया। हालांकि, खुद प्रवेश वर्मा भी सीएम पद की रेस में शामिल थे।

रेखा गुप्ता ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार

सीएम पद के दावेदारों में वैसे तो रेखा गुप्ता का नाम शुरू से ही शामिल था, लेकिन बुधवार को खबर आई कि आरएसएस ने भी रेखा गुप्ता के नाम का समर्थन करते हुए उन्हें सीएम बनाने का प्रस्ताव बीजेपी के समक्ष रखा है। उसके बाद से रेखा गुप्ता का नाम रेस में सबसे आगे माना जाने लगा। विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि अब हम सब मिलकर दिल्ली की बेहतरी के लिए काम करेंगे। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सभी विधायकों, कार्यकर्ताओं और दिल्ली की जनता के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

जनता से जो-जो वादे किए हैं उसे पूरा किया जाएगा: रेखा गुप्ता

दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “मुझे एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैं PM मोदी और शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझ जैसी साधारण परिवार से आने वाली बेटी पर भरोसा जताया।
मेरी पहली प्राथमिकता हमारी पार्टी द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करना है और दूसरी प्राथमिकता यह है कि हमारे सभी 48 विधायक टीम मोदी के रूप में काम करेंगे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी… हमने जनता से जो-जो वादे किए हैं उसे पूरा किया जाएगा।
दिल्ली के रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी पूरी हो चुकी है। पीएम मोदी समेत कई वीआईपी शामिल होंगे। दोपहर में मौसम के साफ रहने की उम्मीद है। ट्रैफिक डायवर्ट और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। होर्डिंग्स के जरिए जनता को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

You may have missed