June 15, 2026

सीएम साय ने शहीद एएसपी गिरपुंजे को दी श्रद्धांजलि

DSC95253

अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का जाना हाल

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किये गये आईईडी विस्फोट में शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के राजधानी रायपुर स्थित निवास पहुंचकर उनके पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीद एएसपी के शोकसंतप्त परिवारजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि शहीद एएसपी आकाश राव गिरपुंजे ने अपने कर्तव्य के प्रति अदम्य साहस , निष्ठा और समर्पण दिखाते हुये सर्वोच्च बलिदान दिया है , हमें उन पर गर्व है। सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे वन मंत्री केदार कश्यप और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ , पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम ,अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपेरशन विवेकानंद सिन्हा ने भी शहीद श्री गिरपुंजे को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री साय ने आज सुकमा के कोंटा में हुई नक्सल घटना के मद्देनजर अपना राजनांदगांव का प्रस्तावित दौरा स्थगित करते हुये मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की हाई लेवल बैठक में इस घटना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किये गये आईईडी विस्फोट के विषय में अधिकारियों से जानकारी ली और नक्सल ऑपरेशन्स की समीक्षा की। उन्होंने घायल जवानों को त्वरित रूप से समुचित ईलाज उपलब्ध कराने सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।

बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ , पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम , मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह , अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपेरशन विवेकानंद सिन्हा , मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने आज राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किये गये आईईडी विस्फोट में घायल जवानों से मुलाकात की। उन्होंने घायल जवानों से उनका हाल-चाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने घायल जवानों को बेहतर ईलाज उपलब्ध कराने चिकित्सकों को निर्देशित किया।

You may have missed