गुढ़ियारी क्षेत्र में जन्माष्टमी पर्व पर आयोजित विशाल दही हांडी प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से हुए शामिल
गुढ़ियारी क्षेत्र में जन्माष्टमी पर्व पर आयोजित विशाल दही हांडी प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से हुए शामिल
रायपुर, राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर आयोजित विशाल दही हांडी प्रतियोगिता कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से शामिल हुए। पारंपरिक उल्लास और भक्ति के साथ हुए इस आयोजन में हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें सत्य, धर्म और कर्तव्यपथ पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने ऊंचाई पर बंधी दही हांडी को फोड़ने के लिए पिरामिड बनाया। जगह-जगह से गूंजते “गोविंदा आला रे” के नारों और ढोल-नगाड़ों की धुन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं और उनके उत्साह की सराहना की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य तरीके से किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे भी उपस्थित रहे।
