सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सजग – एएसपी उदयन बेहार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा – जिले में सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुये उनकी रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू , पीडब्ल्यूडी चांपा डिविजन के एसडीओ दिनेश धुर्वे , शिवरीनारायण क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर डी सी दिनकर तथा थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव , थाना प्रभारी बिर्रा जयकुमार साहू , थाना प्रभारी बम्हनीडीह उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह के साथ मिलकर किया गया। निरीक्षण के दौरान बम्हनीडीह , बिर्रा एवं शिवरीनारायण के ऐसे क्षेत्रों का दौरा किया गया , जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनायें हो चुकी हैं और ऐसे स्थान जो ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति , यातायात व्यवस्था , संकेतकों की उपलब्धता , मोड़ एवं ब्लैक स्पॉट की स्थिति का बारिकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तेज गति एवं यातायात नियमों का उल्लंघन , अपर्याप्त संकेतक , अपर्याप्त रोड मार्किंग , सड़क किनारे अतिक्रमण , खराब रोड सोल्डर , दृश्यता बाधित करने वाले मोड़ एवं कुछ स्थानों पर खराब सड़क संरचना को दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों के रूप में चिन्हित किया गया। संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक उपाय जैसे चेतावनी संकेतक लगाने , स्पीड ब्रेकर निर्माण , सड़क मरम्मत , अतिक्रमण हटाने एवं यातायात नियंत्रण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये जाने की बात कही गई। साथ ही उपरोक्त बिंदुओं पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को पत्राचार किया जायेगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये निरंतर अभियान चलाया जायेगा। इसके अलावा आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई , ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
