दुर्ग पुलिस ने नेशनल हाईवे पर आतंक मचाने वाले बदमाश को दबोचा
झपटमारी करने का शातिर आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – जिले के चार थाना क्षेत्रों के विभिन्न इलाकों में नेशनल हाईवे और व्यस्त मार्गों पर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल , नकदी और आभूषण झपटने वाले एक शातिर बदमाश को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अन्य थाना प्रभारियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय और तकनीकी सुरागरसी से थाना खुर्सीपार पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार खुर्सीपार क्षेत्र में लगातार हो रही झपटमारी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुये वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया था। थाना खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने अन्य संबंधित थानों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुये आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों , घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फूटेज और मजबूत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
संयुक्त टीम द्वारा लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी समन्वित एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप पुलिस ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
घटनाओं की सूची –
तुलसी ट्रेडर्स के सामने , खुर्सीपार चौक , थाना खुर्सीपार – आरोपी ने झपट्टा मारकर मोबाइल और जेवरात छीने। (थाना खुर्सीपार में अपराध पंजीबद्ध)। डबरा पारा ओवरब्रिज के ऊपर खुर्सीपार , थाना खुर्सीपार – आरोपी ने बैग छीना , जिसमें नकदी और दस्तावेज थे। (थाना खुर्सीपार में अपराध पंजीबद्ध)। नेशनल हाईवे , थाना पुरानी भिलाई – नेशनल हाईवे पर झपटमारी कर मोबाइल छीना गया। (थाना पुरानी भिलाई में अपराध पंजीबद्ध)। नंदनी रोड , थाना जामुल – नंदनी रोड पर बैग छीना गया , जिसमें सोने के जेवरात और नकदी थे। (थाना जामुल में अपराध पंजीबद्ध)। पावर हाउस ओवरब्रिज , थाना छावनी – नेशनल हाईवे रोड पर पावर हाउस ओवरब्रिज के ऊपर बैग छीनकर भागा , जिसमें मोबाइल और नगदी थे। (थाना छावनी में अपराध पंजीबद्ध)। चंद्र मौर्य टॉकीज के पास एवं ओवरब्रिज के ऊपर , थाना सुपेला – क्षेत्र में दो वारदातों को अंजाम देकर बैंक दस्तावेज , कार्ड और आभूषण छीने गये। (थाना सुपेला में दो अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध)।
गिरफ्तार आरोपी –
लक्ष्मण राव पिता एस. सीमांचल राव उम्र 29 वर्ष निवासी – डी.एम.सी. तालाब कुम्हारी , थाना – कुम्हारी , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जब्त सामाग्री –
आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण , मोबाइल एवं मोटर सायकल कुल कीमती 3,60,000 रूपये का मशरूका जप्त किया गया है। जिसमें 01 नग मोटर सायकल (होंडा सीबी शाइन) जिससे आरोपी घटना को अंजाम देता था , 01 नग सोने का सिक्का (05 ग्राम) , 01 नग सोने का मंगलसूत्र (टूटा हुआ) , 04 नग मोबाइल (एक Redmi कंपनी का व दूसरा iQOO कंपनी का सहित अन्य) , 02 नग बड़ा पर्स / बैग , नगदी रकम 1,300 रूपये , पहचान पत्र व दस्तावेज (राशन कार्ड , पैन कार्ड , मतदाता परिचय पत्र , ड्राइविंग लाइसेंस , आर.सी. कार्ड , मेडिकल कार्ड) , विभिन्न बैंकों के एटीएम / डेबिट कार्ड (SBI , बैंक ऑफ बड़ौदा , इंडियन बैंक , ICICI बैंक , IDBI बैंक सहित अन्य) , 02 नग बैंक पासबुक (SBI बैंक) , 01 नग चेक बुक और 01 नग डायरी शामिल है।
जनता से अपील –
भीड़-भाड़ वाली जगह , ब्रिज और सुनसान रास्तों पर चलते समय अपने मोबाइल , पर्स और सोने-चांदी के जेवरात का विशेष ध्यान रखें। बैग को सड़क की तरफ ना लटकायें , मोबाइल पर बात करते हुये सड़क पर ना चलें। यदि आपके साथ भी इस तरह की छीना-झपटी की घटना हुई हो या कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ दिखाई दे , तो तुरंत थाना खुर्सीपार को सूचना दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जायेगी। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है। दुर्ग पुलिस आपकी सेवा में हमेशा तत्पर है।
