August 7, 2026

गढ़वा तालाब में दिखा मगरमच्छ , एसपी पाण्डेय ने की सतर्कता बरतने की अपील

DSC78262

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर चाम्पा – जिले के शिवरीनारायण थाना अंतर्गत आने वाले टेम्पल सिटी एवं नगर पंचायत खरौद के सार्वजनिक गढ़वा तालाब में स्थानीय लोगों द्वारा मगरमच्छ देखे जाने के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन एवं नगर पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। मगरमच्छ दिखने की खबर फैलते ही तालाब के पास क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ लग गई , जिसे शिवरीनारायण थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर हटाया।

नगर पंचायत द्वारा शहर में मुनादी कराई गई है कि तालाब में नहाना , कपड़े धोना , मवेशियों को पानी पिलाना तत्काल प्रभाव से बंद किया जाये। मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत पुलिस या पंचायत कार्यालय को सूचित करें।

पुलिस प्रशासन द्वारा जारी चेतावनी –

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने ग्रामीणों से अपील की है कि जब तक वन विभाग एवं रेस्क्यू टीम द्वारा मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से नहीं पकड़ लिया जाता , तब तक कोई भी व्यक्ति तालाब के पास ना जायें। इसके साथ ही तालाब के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ ना लगायें। एसपी पाण्डेय ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचित कर दिया गया है और टीम के पहुंचते ही मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर रिलीज करने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान ना देने और शांति बनाये रखने की भी अपील की है।