Hyper Club में सजेगी हिप-हॉप की महफिल, ‘36GARH HITS LIVE’ में दिखेगा छत्तीसगढ़ का टैलेंट
Rapper Ankit, Lalit Sahu, Nanyoo समेत 31 कलाकार करेंगे रायपुर में धमाकेदार परफॉर्मेंस
इतेश सोनी रायपुर। छत्तीसगढ़ के हिप-हॉप और रैप म्यूजिक को एक नई पहचान देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में “36GARH HITS LIVE” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 5 अगस्त 2026 को हाइपर क्लब, वीआईपी रोड, रायपुर में शाम 7:00 बजे से रात 12:00 बजे तक आयोजित होगा। इस आयोजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 31 चयनित हिप-हॉप कलाकार अपनी शानदार लाइव प्रस्तुति देंगे।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसमें वही कलाकार मंच साझा करेंगे, जिनके गाने Spotify की “36GARH HITS LIVE” प्लेलिस्ट में चयनित किए गए हैं। आयोजकों का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के उभरते हुए रैप और हिप-हॉप टैलेंट को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि प्रदेश की प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सके।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार Rapper Ankit, Lalit Sahu, Nanyoo, PrafullMusic, Sadhu Boys सहित कई चर्चित हिप-हॉप आर्टिस्ट अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले कुल 31 कलाकार इस म्यूजिकल नाइट को यादगार बनाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस शो की प्रेरणा Spotify और RAP91 द्वारा आयोजित उन मंचों से मिली, जहां देश के अलग-अलग राज्यों के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ के कलाकारों के लिए यह विशेष मंच तैयार किया गया है, जिससे स्थानीय हिप-हॉप संस्कृति को नई उड़ान मिल सके।
पोस्टर के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन Hyper Club × CG HipHop द्वारा किया जा रहा है। टिकट एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक लोग @CG_HIPHOP_ इंस्टाग्राम हैंडल पर संपर्क कर सकते हैं। इस आयोजन में Smoky Beats, Toransir और Code04 सहयोगी के रूप में जुड़े हैं, जबकि ENS (Etesh News Service) मीडिया पार्टनर है।
आयोजकों का मानना है कि “36GARH HITS LIVE” केवल एक म्यूजिक शो नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के हिप-हॉप कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह आयोजन प्रदेश के युवाओं, संगीत प्रेमियों और रैप संस्कृति से जुड़े कलाकारों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा।
