June 26, 2026

छत्तीसगढ़ के होनहारों का दम: दिल्ली में UPSC प्रीलिम्स क्रैक करने वाले 13 छात्रों से मिले CM विष्णुदेव साय

230626

छत्तीसगढ़ के होनहारों का दम: दिल्ली में UPSC प्रीलिम्स क्रैक करने वाले 13 छात्रों से मिले CM विष्णुदेव साय

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के युवाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के परिणामों में छत्तीसगढ़ के 13 अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। ये सभी विद्यार्थी नई दिल्ली के द्वारका स्थित ‘ट्राइबल यूथ हॉस्टल’ में रहकर अपनी तैयारी कर रहे थे।

इन सफल विद्यार्थियों से मिलने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज छत्तीसगढ़ सदन पहुंचे और उनसे आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उन मेहनतकश परिवारों के संघर्ष का सम्मान है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को जीवित रखा। उन्होंने कहा, “इन विद्यार्थियों के पिता कोई किसान है, कोई शिक्षक है तो कोई राजमिस्त्री, लेकिन इनकी सफलता प्रमाण है कि प्रतिभा आर्थिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती।”

हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 की गई

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कृतसंकल्पित है। इसी उद्देश्य से दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता को 50 से बढ़ाकर 200 कर दिया गया है। इससे दूरस्थ वनांचलों और ग्रामीण क्षेत्रों के और भी विद्यार्थी अब राजधानी में रहकर बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।

विद्यार्थियों को दिया ‘सफलता का मंत्र’

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रारंभिक परीक्षा तो केवल एक पड़ाव है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश के बाद उन्हें संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनानी होगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे।

इन होनहारों ने बढ़ाया प्रदेश का मान

यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल होने वाले विद्यार्थियों की सूची इस प्रकार है:

. श्री गौतम कुमार

. श्री कुलभूषण सिंह पोया

श्री हरि चंद्र प्रकाश सिंह

श्री मयंक रात्रे

श्री मलिकराम पटेल

श्री आर्यन राठौर

श्री चेतन लाल

श्री हरीश कुमार पटेल

श्री किशन लाल साहू

श्री सत्यनारायण चंद्राकर

सुश्री दीक्षा दिवाकर

श्री विकेश कुर्रे

श्री प्रकाश पटेल

You may have missed