काजल सोनबेर की फिल्म “बलि” को मिला दर्शकों का भरपूर प्यार, शानदार प्रदर्शन से जीता दिल
इतेश सोनी
इतेश न्यूज़ सर्विस। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री काजल सोनबेर की हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म “बलि” दर्शकों के बीच लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है और दर्शकों से इसे भरपूर प्यार मिल रहा है।
एक नए और अलग कॉन्सेप्ट पर आधारित इस फिल्म को लेकर शुरुआत में कई तरह की उम्मीदें और चुनौतियां थीं। वर्तमान समय में दर्शकों को थिएटर तक आकर्षित करना आसान नहीं माना जाता, लेकिन “बलि” ने अपनी दमदार कहानी और डरावने रोमांच से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफलता हासिल की है।
फिल्म की शुरुआत में ही दर्शकों को चेतावनी दी जाती है कि यह फिल्म उन्हें डराने वाली है और फिल्म अपने इस वादे पर पूरी तरह खरी उतरती दिखाई देती है। कहानी का रोमांच, सस्पेंस और प्रस्तुति दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है। वहीं अभिनेत्री काजल सोनबेर की सशक्त अभिनय ने फिल्म में जान डाल दी है। दर्शकों ने उनके अभिनय की जमकर सराहना की है।
फिल्म की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए काजल सोनबेर ने कहा कि उनकी फिल्म को छत्तीसगढ़ की जनता से भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है, जिसके लिए वह सभी दर्शकों का हृदय से धन्यवाद करती हैं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म को बनाने में पूरी टीम ने कड़ी मेहनत की है और रिलीज़ से पहले उन्हें इस बात की चिंता थी कि नया कॉन्सेप्ट दर्शकों को कितना पसंद आएगा।
काजल ने कहा, “जनता का इतना प्यार और समर्थन देखकर हमारी मेहनत सफल होती नजर आ रही है। इस सफलता का श्रेय मैं अपनी पूरी टीम और अपने माता-पिता को देना चाहती हूं, जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया और हमेशा प्रोत्साहित किया।”
फिल्म “बलि” की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि कहानी दमदार हो और प्रस्तुति प्रभावशाली हो, तो दर्शक नए विषयों को भी खुले दिल से स्वीकार करते हैं। फिल्म को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से पूरी टीम उत्साहित है और आने वाले समय में भी ऐसे ही नए प्रयोग करने की उम्मीद जता रही है।
