April 24, 2026

प्रतिबंधित सिरप की अवैध बिक्री करने के चार आरोपी जेल दाखिल

DSC24326

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग – दवा कंपनी प्रतिनिधि की आड़ में फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर ई-कुरियर के माध्यम से प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप मंगाकर अवैध बिक्री करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्यवाही से चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत दिवस 23 अप्रैल को चौकी स्मृतिनगर क्षेत्रांतर्गत ग्राम जुनवानी खम्हरिया रोड भिलाई के पास तीन व्यक्तियों द्वारा कोडिन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप बिक्री हेतु परिवहन किये जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम द्वारा त्वरित घेराबंदी कर सेण्ट्रो कार क्रमांक सीजी -07/8595 को रोककर जांच की गई। वाहन की तलाशी दौरान सात कार्टून में प्रतिबंधित कोडीन युक्त CADIFOS-T सिरप बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी योगेश शर्मा एवं उमेश कुमार यादव द्वारा फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर गुजरात स्थित कंपनी से इंडिया मार्ट/ई-कुरियर माध्यम से नशीली सिरप मंगवाकर अवैध बिक्री करना स्वीकार किया गया। विवेचना में यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी योगेश शर्मा द्वारा एक वास्तविक ड्रग लाइसेंस में एडिटिंग कर अपने नाम से फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कराया गया तथा फर्जी लेटरपैड एवं सील बनवाकर उसके आधार पर कोडीन युक्त सिरप मंगाई जाती थी। उक्त सिरप को अधिक कीमत पर अन्य आरोपियों एवं स्थानीय युवाओं को बिक्री किया जाता था। प्रकरण में आरोपी महावीर जैन उर्फ रोहित एवं सतीश मेश्राम को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों द्वारा प्रतिबंधित सिरप की बिक्री से अवैध धन लाभ अर्जित किया जाना तथा युवाओं को नशे का आदी बनाना पाया गया। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 8(ख), 27(क), 29 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त कार्यवाही सराहनीय रही। टीम द्वारा सूचना संकलन , घेराबंदी , आरोपियों की पतासाजी एवं त्वरित गिरफ्तारी में प्रभावी भूमिका निभाई गई।

गिरफ्तार आरोपीगण –

योगेश शर्मा उम्र 41 वर्ष कादम्बरी नगर दुर्ग , उमेश कुमार यादव, उम्र 42 वर्ष पदुमनगर चरोदा पुरानी भिलाई , महावीर जैन उर्फ रोहित उम्र 38 वर्ष पोलसाय पारा दुर्ग और सतीश मेश्राम, उम्र 40 वर्ष शंकर नगर दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

जप्त सामाग्री –

प्रतिबंधित कोडीन युक्त CADIFOS-T सिरप – 800 नग कीमती 2,08,800 रुपये , एक एक्टिवा कीमती 30,000 रुपये , एक सेण्ट्रो कार कीमती 1,00,000 रुपये , चार मोबाईल फोन कीमती 1,60,000 रुपये और प्रतिबंधित सिरप बिक्री की रकम 1,200 रुपये यानि कुल जप्त मशरूका लगभग 5,00,000 रुपये।

दुर्ग पुलिस की अपील –

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थों , नशीली दवाओं अथवा अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। युवाओं को नशे से दूर रखने एवं समाज में कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस का सहयोग करें। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।