April 19, 2026

सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण – आईपीएस निवेदिता पाल

DSC193264

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर चाम्पा – जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के कुशल मार्गदर्शन में जांजगीर चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुये आज पुलिस लाइन में जिले के सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का सम्मेलन आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुये उनका परिचय प्राप्त किया और उनके निवास क्षेत्रों की समस्याओं की जानकारी ली। सम्मेलन के दौरान प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने जांजगीर क्षेत्र के विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों से जमीनी स्तर की जानकारी साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों और समस्याओं के समाधान के लिये पुलिस विभाग हर संभव प्रयास करेगा। सम्मेलन के दौरान प्रभारी एसपी ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुये कहा कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित कर सहयोग प्रदान करें , जिससे समय रहते कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। वहीं सायबर अपराध से बचने एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोगों के बारे में जानकारी दिया गया।

इसके साथ ही जिले के सभी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को एक मंच पर जोड़ने के उद्देश्य से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाये जाने की पहल की गई। इस ग्रुप के माध्यम से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान होगा , जिससे कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो सकेगा। यह सम्मेलन ना केवल सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के अनुभवों का लाभ उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है , बल्कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी एक सशक्त प्रयास है। इस सम्मेलन में जिले के 41 सेवानिवृत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुये। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप , अतिरिक्त पुलिस यातायात उदयन बेहार , सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे , डीएसपी अजाक सतरूपा तारम , रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी भी उपस्थित रहे।