घर से आभूषण चोरी करने की आरोपिया गिरफ्तार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – घरेलू विश्वास का दुरुपयोग कर सोना चोरी कर उसे गिरवी रखकर राशि प्राप्त करने की आरोपिया को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जांच जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार विगत माह 21 जनवरी को प्रार्थी एम. नचैय्या निवासी भिलाई भट्ठी द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 02 जनवरी 2026 को उनके घर से सोने के आभूषण कीमती लगभग 8,59,000 रुपये चोरी हो गये हैं , जिसे उनकी पुत्री द्वारा अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना बताया गया। रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी एम. श्यामला उम्र 26 वर्ष निवासी सड़क 11, सेक्टर 2, मकान नंबर 9/ई , भिलाई भट्ठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुये बताया कि चोरी किये गये सोने के आभूषणों का एक हिस्सा फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर राशि प्राप्त की गई तथा शेष आभूषण अपने पास रखना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से लगभग सात तोला सोना बरामद किया गया है , जिसकी अनुमानित कीमत लगभग बारह लाख रुपये है। शेष आभूषणों के संबंध में जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपिया –
एम. श्यामला उम्र 26 वर्ष निवासी – सड़क 11, सेक्टर 2 , मकान नंबर 9/ ई , भिलाई भट्ठी , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घर में कीमती सामान सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पारिवारिक स्तर पर भी विश्वास एवं सतर्कता बनाये रखें। अपराध में संलिप्त पाये जाने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
