June 7, 2026

एसएसपी विजय अग्रवाल ने दिये अपराध नियंत्रण , विवेचना की गुणवत्ता एवं वैधानिक कार्यवाही पर विशेष निर्देश

DSC929262

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम दुर्ग में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण , विवेचना की गुणवत्ता , लंबित अपराधों एवं प्रकरणों की स्थिति , प्रतिबंधात्मक कार्यवाही तथा प्रशासनिक अनुशासन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान एसएसपी अग्रवाल द्वारा निर्देशित किया गया कि गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों में त्वरित , निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाये। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन , गवाहों के कथन , तकनीकी साक्ष्य तथा वैधानिक प्रावधानों का पूर्णतः पालन किया जाये। इसके अलावा उनके द्वारा आदतन अपराधियों , निगरानी बदमाशों एवं वारंटियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करने , अवैध हथियारों , मादक पदार्थों एवं जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिये गये। साथ ही लंबित अपराधों , चालान एवं न्यायालयीन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि समस्त थाना प्रभारी प्रतिदिन प्रातः अथवा सायंकालीन समय में अनिवार्य रूप से थाना के गणना उपस्थित सुनिश्चित करेंगे , स्थानीय स्तर पर प्राप्त जन-शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करेंगे , गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों की सूचना समय पर संबंधित राजपत्रित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से देंगे , गंभीर प्रकृति के मामलों में थाना प्रभारी स्वयं प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे , समस्त आरक्षक ए बी नोटबुक का संधारण करेंगे , जिसका साप्ताहिक निरीक्षण थाना प्रभारी द्वारा किया जायेगा।

थाना प्रभारी द्वारा थाना मुख्यालय में ही रात्रि मुकाम सुनिश्चित करेंगे , अवैध नशे – मादक पदार्थों एवं नशा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत कार्यवाही करेंगे , वर्तमान विधानसभा सत्र को दृष्टिगत रखते हुये बीट व्यवस्था सुदृढ़ रखेंगे तथा बीटों प्रभारी को उचित दिशा निर्देश प्रदान करेंगे। पुलिस कार्यालय से प्राप्त पत्राचार का समय-सीमा में अवलोकन कर आवश्यक जवाब प्रस्तुत करेंगे। नेफिस (NAFIS) प्रणाली में को बीट सिस्टम के माध्यम से शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करेंगे , गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध एनडीपीएस एवं आबकारी अधिनियम के अंतर्गत निरंतर कार्यवाही कर जब्त सामग्री का विधिवत नष्टीकरण करायेंगे , धारा 41(1-4) के अंतर्गत जप्त वाहनों तथा धारा 34(2) आबकारी के अंतर्गत जप्त शराब के नष्टीकरण की वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र निराकरण करेंगे , ई-चालान , ई-समन एवं ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे , लम्बित प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों एवं मर्ग प्रकरणों का शीघ्र एवं विधिसम्मत निराकरण करेंगे। रात्रिकालिन गश्त ड्यूटी का प्वाइंट बढ़ायेंगे और थाने में आने वाले सभी लोगों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करेंगे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाये जाने पर राजपत्रित अधिकारियो को अनुशासनात्मक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश दिये गये हैं। इस अपराध समीक्षा बैठक में समस्त थाना प्रभारी एवं राजपत्रित अधिकारी उपस्थित थे।