June 6, 2026

छिंदवाड़ा में संदिग्ध किडनी संक्रमण से एक महीने में 7वें बच्चे की मौत

300925

छिंदवाड़ा में संदिग्ध किडनी संक्रमण से एक महीने में 7वें बच्चे की मौत

मध्य प्रदेश : छिंदवाड़ा में एक 4 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध किडनी संक्रमण के कारण मौत हो गई है, जो इस महीने जिले में इस तरह से होने वाली सातवीं मौत है। अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण के स्रोत की पहचान के लिए अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों से विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं। संक्रमण के शुरुआती लक्षणों में तेज़ बुखार और पेशाब करने में कठिनाई शामिल है।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ये मौतें मुख्य रूप से तामिया और आसपास के कोयलांचल इलाकों से हुई हैं, जो जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर है। कई अन्य बच्चों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। ऐसे मामलों की बढ़ती संख्या से निपटने के लिए अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं।

ताज़ा मामले में, छिंदवाड़ा जिले के दिघवानी गाँव निवासी विकास यदुवंशी (4) की शनिवार को पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नागपुर के एक अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को उनके पैतृक स्थान पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। छिंदवाड़ा कलेक्टर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे संक्रमण के लक्षण दिखाने वाले बच्चों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सेवा प्रदान करें और पूरी तरह से सक्रिय रहें।

सिंह ने रविवार को पीटीआई-भाषा को बताया, “जिन मरीजों को तत्काल उन्नत उपचार की आवश्यकता है, उन्हें एम्स नागपुर (क्षेत्र से लगभग 150 किलोमीटर दूर) रेफर किया जाना चाहिए। यदि आवश्यक हुआ, तो मध्य प्रदेश सरकार की ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ की व्यवस्था की जाएगी ताकि मरीजों की जान बचाई जा सके।”

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनसे फोन पर बात की और मरीजों को शीघ्र और सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने को कहा।

जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक पटेल ने बताया कि अब तक एक से सात साल की उम्र के सात बच्चों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), नई दिल्ली की एक टीम ने हाल ही में प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया और परीक्षण के लिए नमूने एकत्र किए।

You may have missed