“इशिका यादव ने अपने फैंस को दिया तोहफ़ा, साइन की नई फिल्म ‘मया दे दे मयारू 2’”
‘मोर छईया भूईया 3’ के बाद इशिका यादव अब धमाल मचाएंगी ‘मया दे दे मयारू 2’ में
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इशिका ने सोशल मीडिया पर फिल्म साइन करते हुए फोटो शेयर की और आधिकारिक तौर पर लीड रोल में जुड़ने की घोषणा की।
इतेश सोनी
इतेश न्यूज़ सर्विस, रायपुर — छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री इशिका यादव के फैंस के लिए खुशखबरी है। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर इशिका ने अपने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह नई फिल्म ‘मया दे दे मयारू 2’ के अनुबंध पर हस्ताक्षर करती नज़र आ रही हैं। इसी पोस्ट के साथ उन्होंने आधिकारिक तौर पर इस फिल्म में बतौर लीड एक्ट्रेस जुड़ने की घोषणा की।
इस फिल्म में इशिका यादव के साथ मन और दीक्षा, तथा लक्षित मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण अलक राय करेंगे और शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म वर्ष 2026 में प्रदेशभर के सभी सिनेमाघरों में एक साथ प्रदर्शित की जाएगी।
गौरतलब है कि इशिका यादव छत्तीसगढ़ की जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री हैं, जिनकी अदाकारी के लाखों प्रशंसक हैं। हाल ही में रिलीज़ हुई उनकी सुपरहिट फिल्म ‘मोर छईया भूईया 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई करते हुए दर्शकों का दिल जीता था। अब ‘मया दे दे मयारू 2’ की घोषणा से दर्शकों में जबरदस्त उत्साह और बेसब्री देखने को मिल रही है।
