“कॉप ऑफ़ द मंथ” बने प्रधान आरक्षक प्रहलाद थानापति, नशीली दवाइयों की बड़ी खेप जब्त कर दिखाया सतर्कता का परिचय
इतेश सोनी पत्रकार
इतेश न्यूज़ सर्विस गरियाबंद – गरियाबंद पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों की उत्कृष्ट कार्यशैली को मान्यता देने के उद्देश्य से संचालित “कॉप ऑफ़ द मंथ” योजना के अंतर्गत जुलाई माह के लिए मैनपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रहलाद थानापति को चुना गया है।
प्रहलाद थानापति ने अपनी सजगता और तत्परता का परिचय देते हुए 840 नग नशीली दवाइयों सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही। उनकी सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा की गरियाबंद पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) विकास पाटले ने कहा, “प्रधान आरक्षक प्रहलाद थानापति का कार्य पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक है। इस तरह की कार्रवाइयाँ न सिर्फ अपराधियों के हौसले पस्त करती हैं, बल्कि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ाती हैं।”
“कॉप ऑफ़ द मंथ” पहल के जरिए गरियाबंद पुलिस का उद्देश्य कर्मियों के मनोबल को बढ़ाना, कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करना तथा विभागीय संस्कृति में सकारात्मक बदलाव लाना है। यह पहल आने वाले समय में भी इसी उत्साह के साथ जारी रहेगी।
