आईटीआई मैनपुर में चला सामाजिक जागरूकता अभियान: एसडीओपी विकास पाटले ने युवाओं को दिए कानून और सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश
इतेश सोनी
इतेश न्यूज़ सर्विस, गरियाबंद। मैनपुर विकासखंड के आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) में आज गरियाबंद पुलिस द्वारा एक विशेष सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) श्री विकास पाटले उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को कानून, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और समाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य, फैकल्टी और विद्यार्थियों द्वारा एसडीओपी सहित अन्य अधिकारियों के स्वागत के साथ हुआ। एसडीओपी श्री पाटले ने अपने उद्बोधन में कहा कि तकनीक के इस युग में युवाओं को न सिर्फ तकनीकी ज्ञान बल्कि कानूनी और सामाजिक जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा, “आईटीआई के छात्र भविष्य में देश के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें यह जानना जरूरी है कि साइबर क्राइम से कैसे बचा जाए, नशे की लत से कैसे दूर रहा जाए और महिलाओं की सुरक्षा को कैसे प्राथमिकता दी जाए।”
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने खुलकर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब देकर समाधान प्रस्तुत किया।
सब इंस्पेक्टर श्री ज्ञानेश्वर गंगवाल ने ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से डिजिटल शिकायत प्रणाली की जानकारी दी और छात्रों को बताया कि कैसे वे तकनीक का उपयोग प्रशासनिक मदद के लिए कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में एसडीओपी श्री पाटले ने कहा,
“हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक इस प्रकार के कार्यक्रम पहुँचें, ताकि युवा जागरूक बनें और अपने अधिकारों व कर्तव्यों को समझ सकें।”
संस्थान के प्रबंधन और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए गरियाबंद पुलिस का आभार व्यक्त किया। सामाजिक जागरूकता की दिशा में यह कार्यक्रम छात्रों के लिए एक सार्थक और प्रेरणादायक प्रयास रहा।
