मैनपुर में 19 मई को सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन, लगेगा RTO का शिविर
इतेश सोनी
मैनपुर। क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए मैनपुर पुलिस द्वारा 19 मई को सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में RTO (संचार परिवहन कार्यालय) का शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें जिन चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, वे मौके पर ही अपना लर्निंग लाइसेंस बनवा सकेंगे।
कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसडीओपी विकास पाटले की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में 19 मई को होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
कार्यक्रम में कई जनजागरूकता गतिविधियां शामिल
सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान एक चित्रकला प्रतियोगिता, सेल्फी ज़ोन और हेलमेट बाइक रैली जैसे जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 18 मई तक अपनी पेंटिंग मैनपुर पुलिस थाना में जमा करनी होगी। वहीं सभी चालक यह संकल्प लेंगे कि वे भविष्य में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे।
एसडीओपी विकास पाटले की अपील 
एसडीओपी विकास पाटले ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लें और इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग पूरी गंभीरता से प्रयासरत है और आम नागरिकों का सहयोग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
हेलमेट पहनकर निकाली जाने वाली बाइक रैली में आम नागरिकों की भागीदारी को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम न सिर्फ सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि यातायात नियमों के पालन के लिए भी एक प्रेरणा बनेगा।
