June 14, 2026

यादव समाज की 44 बेरोजगार युवतियों और महिलाओं को मिला स्थायी रोजगार

290725

यादव समाज की 44 बेरोजगार युवतियों और महिलाओं को मिला स्थायी रोजगार

रायपुर, छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ रायपुर के तत्वावधान में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 11 दिवसीय कपड़ा सिलाई प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 17 जुलाई से 27 जुलाई 2025 तक महादेव घाट स्थित झेरिया यादव समाज भवन, रायपुर में संचालित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सिलाई-कढ़ाई जैसे हुनर में दक्ष बनाना था, बल्कि उन्हें प्रशिक्षण उपरांत स्थायी रोजगार से भी जोड़ना था।

इस प्रशिक्षण शिविर में यादव समाज की 44 महिलाओं ने भाग लिया, जो प्रशिक्षण पूर्ण कर अब कपड़ा सिलाई-कढ़ाई में निपुण हो चुकी हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें न केवल कपड़े सिलने का कौशल सिखाया गया, बल्कि सिले हुए पेटीकोट की मार्केटिंग कर महीने में ₹10,000 से ₹15,000 तक की आय अर्जित करने के तरीके भी बताए गए। छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ की उपसमिति—एकादश उत्थान यादव कल्याण संघ द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को सिलाई कार्य हेतु आवश्यक संसाधन जैसे कपड़ा, धागा, डिजाइन आदि भी नियमित रूप से प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सिले हुए वस्त्रों की बिक्री की व्यवस्था भी समिति द्वारा सुनिश्चित की गई है, जिससे महिलाएं बिना किसी मध्यस्थता के सीधे घर से कार्य कर सकेंगी और प्रतिमाह स्थायी आमदनी प्राप्त कर सकेंगी।

समापन समारोह का आयोजन विशेष रूप से गरिमामय रहा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री श्रीमती फूलबासन यादव उपस्थित रहीं उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव ने की, जिन्होंने इसे यादव समाज के आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर बताया। यह कार्यक्रम न केवल प्रशिक्षण का आयोजन था, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और स्वाभिमान निर्माण की दिशा में छत्तीसगढ़ यादव समाज द्वारा किया गया एक अनुकरणीय प्रयास है। इस पहल ने यह सिद्ध किया है कि जब समाज संगठित होकर ठान ले, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।

You may have missed