डकैती की योजना बनाने के तीन अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर – मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चार माह पहले रेकी कर पण्डरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को रेल्वे स्टेशन से हिरासत में लेकर थाना गुढ़ियारी पुलिस ने डकैती के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं प्रकरण में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं , जिसकी पुलिस बड़ी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
डीसीपी उत्तर श्रीमति दीपमाला कश्यप ने प्रेस कांफ्रेंस में इस मामले का खुलासा करते हुये बताया पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ० संजीव शुक्ला के निर्देशन में लगातार प्रोएक्टिव पुलिसिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में थाना गुढ़ियारी पुलिस टीम द्वारा कल्याण ज्वेलर्स , पंडरी में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक – 321/2026 धारा – 310(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) (डकैती क़ा प्रयास) आर्म्स एक्ट की धारा 25 क़ा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उक्त आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन प्लेट फ़ार्म नंबर सात के पीछे नया रोड के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। मौके पर तलाशी ली गई और आरोपियों के कब्जे से एक नग देशी पिस्टल , दो नग जिंदा कारतूस और दो चाकू एवं तीन नग मोबाइल और दो हजार पांच सौ रूपये जप्त किया गया। थाने में लाकर पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि कल्याण ज्वेलर्स में रात्रि के समय डकैती करने की योजना थी। योजना के तहत विगत माह 01 अप्रैल 2026 को एक आरोपी द्वारा कल्याण ज्वेलर्स की रेकी की गई थी। आरोपियों द्वारा ज्वेलर्स की सुरक्षा व्यवस्था , आसपास का क्षेत्र एवं वारदात को अंजाम देने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुये तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं , जिनकी तलाश हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। उक्त दोनों फरार आरोपियों के द्वारा लगातार मोबाइल पर अपडेट लिया जा रहा था , साथ ही रेकी की फोटो शेयरिंग की जा रही थी और योजना बनाई जा रही थी। आरोपियों के मध्य आपसी संपर्क एवं डकैती की योजना के संबंध में उपलब्ध तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। आरोपियों से पूछताछ कर फरार आरोपियों की पतासाजी , हथियारों की व्यवस्था तथा डकैती की संपूर्ण योजना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही से संभावित बड़ी डकैती की वारदात को घटित होने से पूर्व ही रोकने में सफलता मिली। थाना गुढ़ियारी पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। यह संपूर्ण कार्यवाही डीसीपी उत्तर श्रीमति दीपमाला कश्यप , एडीसीपी उत्तर आदित्य पांडेय एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना गुढ़ियारी की पुलिस टीम निरीक्षक नरेंद्र कुमार साहू , उप निरीक्षक कैलाश केशरवानी , पीएसआई वरदान सिंह , सउनि नरेश देवांगन , प्रधान आरक्षक संतोष ठाकुर , आरक्षक सुदीप मिश्रा , किशोर राजपूत , रविशंकर तिवारी और जगन्नाथ सावले की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण –
देवांश शर्मा पिता संजय शर्मा उम्र 19 वर्ष पता सागरपुर जनकपुरी के पास मकान नं0 डब्लू 112 , थाना – सागरपुर (दिल्ली) , सुशांत कुमार पासवान पिता दिलीप कुमार उम्र 19 वर्ष पता नजबगढ अर्जुनपारा बी 128 गली नं0 8 , थाना – नजबगढ (दिल्ली) और मयंक सिंह पिता राहुल सिंह उम्र 19 वर्ष पता सिकंदपुर प्रभात जर्दा फैक्ट्री के पास , थाना – सिकंदरपुर , जिला – मुजफ्फरपुर (बिहार)।
