September 3, 2026

आत्महत्या के लिये उकसाने के तीन आरोपी जेल दाखिल

DSC39261

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने दी जानकारी

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

कोरबा – विगत दिवस पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के प्रकरण में थाना कोतवाली पुलिस ने मृतिका को आत्महत्या के लिये उकसाने के तीन आरोपियों बहू एवं उसके माता पिता को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में विवेचना जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने अरविन्द तिवारी को बताया विगत दिवस 27 अगस्त को मृतिका लक्ष्मी बाई मानिकपुरी द्वारा अपने घर के पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। घटना की सूचना पर थाना कोतवाली कोरबा में मर्ग क्रमांक 66/2026 कायम कर जांच में लिया गया। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल पर मृतिका द्वारा दीवार पर सुसाइड नोट लिखा हुआ पाया गया। उक्त सुसाइड नोट में मृतिका द्वारा अपनी बहू पूर्णिमा एवं उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा परेशान किये जाने के कारण आत्महत्या करना उल्लेखित किया गया था। जांच के दौरान दीवार पर लिखे उक्त लेख की पुष्टि की गई कि वह मृतिका द्वारा ही लिखा गया था। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि मृतिका ने आत्महत्या से पूर्व अपनी बहनों को एक वीडियो बनाकर भेजा था।

पुलिस द्वारा उक्त वीडियो को विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। इसके साथ ही मृतिका की बहनों , परिजनों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के कथन दर्ज किये गये। जांच एवं परिजनों के कथनों से यह तथ्य सामने आया कि मृतिका के पति की पूर्व में मृत्यु हो चुकी थी। इसके पश्चात मृतिका ने दूसरी शादी की थी तथा वह अपने वर्तमान पति एवं उसके पूर्व के बच्चों के साथ रह रही थी। पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर घर में आये दिन विवाद एवं लड़ाई-झगड़े होते थे। परिजनों के कथनों के अनुसार मृतिका की बहू पूर्णिमा एवं उसके मायके पक्ष के लोग अक्सर घर आकर मृतिका को घर से बाहर निकालने के लिये दबाव बनाते थे , जिसके कारण मृतिका काफी परेशान रहती थी। मृतिका की बहनों एवं परिजनों के कथनों में यह भी सामने आया कि मृतिका पूर्व में भी अपनी बहू पूर्णिमा एवं उसके मायके पक्ष के लोगों से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी तथा पूर्व में जहर का सेवन कर अपनी जान देने की कोशिश की थी।

मर्ग जांच के दौरान प्राप्त सुसाइड नोट , आत्महत्या से पूर्व बहनों को भेजे गये वीडियो तथा मृतिका की बहनों एवं परिजनों के कथनों सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाये जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 724/2026 धारा 108 , 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम ने साक्ष्यों एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुये प्रकरण के दो महिला सहित तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपीगण –

पूर्णिमा महंत पति संजय दास उम्र 24 वर्ष निवासी – लक्ष्मण तालाब कोरबा , सुमेरन बाई पति मिलनदास महंत उम्र 45 वर्ष और मिलन दास पिता सोनदास उम्र 55 वर्ष निवासी – सोहागपुर , थाना – उरगा , जिला – कोरबा (छत्तीसगढ़)।