“गरियाबंद जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7 से चुनाव लड़ेंगी नेत्री प्रियंका कपिल”
इतेश सोनी गरियाबंद, 24 जनवरी 2025 – आगामी जिला पंचायत चुनावों के मद्देनजर, मैनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष, श्रीमती प्रियंका कपिल, ने क्षेत्र क्रमांक 7 से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से टिकट की मांग की है और क्षेत्र में सक्रिय जनसंपर्क अभियान चला रही हैं।
श्रीमती कपिल ने कहा, “मैं क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हूं। जनता का समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं।”
क्षेत्र के कई प्रमुख नेता भी उनके समर्थन में सामने आ रहे हैं, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, पंचायत चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 जनवरी से शुरू होकर 3 फरवरी तक चलेगी। मतदान तीन चरणों में 17, 20, और 23 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 18, 20, और 24 फरवरी को संपन्न होगी।
चुनावी माहौल के बीच, सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं, और क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
