अगर आप भी दिमाग को सालों तक रखना चाहतें हैं जवान तो, फोन में बंद कर दें इंटरनेट
आजकल मोबाइल फोन के बिना रहना मुश्किल हो गया है। बहुत से लोग मोबाइल फोन के बिना एक पल भी नहीं रहते और वह हर समय फोन में व्यस्त रहते हैं चाहे वो कतार में खड़े हों, सफर कर रहे हों, खाना खा रहे हों या फिर वॉक कर रहे हों। वहीं एक नई स्टडी में सामने आया है कि अगर कुछ समय के लिए मोबाइल का इंटरनेट बंद कर दिया जाए तो इससे न सिर्फ हमारा मूड बेहतर हो सकता है बल्कि दिमाग भी 10 साल जवान महसूस कर सकता है।
नई रिसर्च में हुआ चौंकाने…
अमेरिका और कनाडा की कुछ यूनिवर्सिटीज ने एक रिसर्च की थी जिसमें 467 आईफोन यूजर्स को शामिल किया गया था। इस रिसर्च में इन यूजर्स से कहा गया कि वे अपना फोन पूरी तरह से बंद न करें लेकिन इंटरनेट का उपयोग न करें। इसके लिए उनके फोन में एक ऐप डाउनलोड की गई जो फोन पर इंटरनेट का उपयोग ब्लॉक कर देती थी।
दो हफ्ते में असर दिखने लगा
यह रिसर्च एक महीने तक चली। दो हफ्ते के भीतर ही इस फैसले का असर दिखने लगा। जिन लोगों ने मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं किया उन्होंने बताया कि वे पहले से ज्यादा खुश हैं अपनी जिंदगी से अधिक संतुष्ट महसूस कर रहे हैं और मानसिक रूप से स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। इस बदलाव को कॉग्नेटिव बिहेवियरल थेरैपी (CBT) के बराबर माना गया।
दिमाग में भी आया बदलाव
रिसर्च में शामिल लोगों ने यह भी बताया कि उनका फोकस पहले से बेहतर हुआ है और अटेंशन टेस्ट में उनका प्रदर्शन 10 साल छोटे दिमाग वाले लोगों के बराबर रहा। यानी कि इंटरनेट से दूर रहने के बाद उनका दिमाग ज्यादा तेज और फोकस्ड हो गया था।
अन्य फायदे
इसके अलावा रिसर्च में भाग लेने वाले लोगों ने यह भी बताया कि वे फोन के बिना अधिक समय अपने परिवार और दोस्तों के साथ बिता रहे थे। उन्होंने एक्सरसाइज पर भी ज्यादा ध्यान दिया। इसके साथ ही इन लोगों ने हर रात औसतन 17 मिनट ज्यादा नींद ली जिससे उनकी सेहत और मानसिक स्थिति में सुधार आया।
कैसे करें इंटरनेट का उपयोग कम
आजकल मोबाइल फोन जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है और इसे पूरी तरह से बंद करना मुश्किल है लेकिन रिसर्चर का कहना है कि हमें अपने फोन के उपयोग में बैलेंस बनाना जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि हम इंटरनेट का उपयोग करने के लिए रोजाना एक समय निर्धारित करें और ज्यादा डिस्ट्रैक्शन वाली ऐप्स को ब्लॉक करें। इसके अलावा वीकेंड पर इंटरनेट का उपयोग कम करें और फोन की नोटिफिकेशंस को बंद करने की कोशिश करें।
इस स्टडी से यह साफ है कि इंटरनेट का अधिक उपयोग न सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि यह हमारी जिंदगी की गुणवत्ता को भी कम कर सकता है। इसलिए अगर आप भी मोबाइल इंटरनेट का उपयोग कम करके मानसिक सेहत में सुधार देखना चाहते हैं तो यह स्टडी आपको मदद कर सकती है।
