पूर्व सांसद परशुराम माझी की पुत्री के विवाह में छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल
ओडिशा( जगन्नाथ बिसोई )- नवरंगपुर के पूर्व सांसद परशुराम माझी की सुपुत्री पुष्पांजलि माझी के विवाह समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को शामिल होकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व सांसद परशुराम माझी के परिवार से मुलाकात कर नवदंपति के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विवाह दो परिवारों के बीच संबंधों को मजबूत करने वाला एक पवित्र बंधन है और समाज में प्रेम, सहयोग और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देता है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदारनाथ कश्यप, ओडिशा के स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड, नवरंगपुर सांसद बलभद्र माझी, झरिगांव विधायक नरसिंह भतरा, नवरंगपुर विधायक गौरी शंकर माझी, धर्मगढ़ विधायक सुधीर पाटजोशी, कांटाबांजी विधायक लक्ष्मण बाग सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विवाह समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
