August 9, 2026

अपराध पर प्रभावी नियंत्रण व विधि व्यवस्था कायम रखना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता – निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय

DSC265261

महिला कमाण्डों पर रहेगा फोकस

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर चाम्पा – जिले के यातायात शाखा से स्थानांतरण होने के पश्चात निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय ने नवागढ़ थाना प्रभारी का पदभार सम्हाल लिया है। बताते चलें कि इसके पहले इन्हें जिले में थाना बम्हनीडीह , अकलतरा , और सिटी कोतवाली जांजगीर थाना सम्हालने का अवसर दिया गया था। जहां इन्होंने बखूबी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय (आईपीएस) ने हाल ही में कानून व्यवस्था में कसावट लाने के लिये बड़ी संख्या में अधिकारी – कर्मचारियों का तबादला किया है।

इसी कड़ी में एक ओर जहां निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे थाना प्रभारी नवागढ़ को रक्षित केन्द्र जांजगीर सम्बद्ध करते हुये निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय को यातायात शाखा से थाना प्रभारी नवागढ़ का प्रभार सौंपा है। वहीं दूसरी ओर सउनि सियाराम यादव को थाना नवागढ़ से थाना बम्हनीडीह स्थानांतरित किया गया है। थाना नवागढ़ में पदभार सम्हालने के बाद संक्षिप्त चर्चा के दौरान नवनियुक्त थाना प्रभारी मणिकांत पाण्डेय ने विशेष चर्चा में अरविन्द तिवारी से कहा कि अपराध पर नियंत्रण व विधि व्यवस्था बनाये रखना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अपराध नियंत्रण समाज में शांति और सुरक्षा बनाये रखने के लिये सबसे महत्वपूर्ण कदम है। इसे सुनिश्चित करने हेतु गश्त बढ़ाना , संदिग्धों की निगरानी करना और त्वरित न्याय सुनिश्चित करना हमारी मुख्य रणनीति रहेगी। क्षेत्र में जुआ और सट्टा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। हमें इस बात की भी विशेष ध्यान रखनी होगी कि थाना आने वाले हर पीड़ित को न्याय मिले और उसे वरिष्ठ अधिकारियों के पास ना जाना पड़े। उन्होंने आगे कहा कि उनका बेहतर पुलिसिंग करने का प्रयास रहेगा।

नवपदस्थ थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में बढ़ते अपराधो में अंकुश लगाना , अवैध शराब – जुआ – सट्टे पर कार्यवाही करना , थाना आने वाले पीड़ितों का समस्या सुनते हुये रिपोर्ट दर्ज कर न्याय दिलाना , अपराधियों पर नकेल कसना , लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन करना , न्यायालय से जारी स्थाई वारंटियों की धरपकड़ कर न्यायालय में पेश करना , क्षेत्र में पुलिस के प्रति अच्छा माहौल बनाना ये सभी मेरी जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नशा उन्मूलन में अहम भूमिका निभाने वाली महिला कमाण्डों टीम पर भी उनकी फोकस रहेगी और जहां – जहां महिला कमाण्डों का गठन नही हुआ है , वहां भी पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में महिला कमाण्डों का गठन करने का प्रयास करेंगे।

चर्चा के दौरान टीआई पाण्डेय ने आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिये बेहतर पुलिसिंग और नियमित गश्त पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों , सामाजिक कार्यकर्ताओं व बुद्धिजीवियों से बेहतर पुलिसिंग के लिये सहयोग की अपील की है। इसके पहले नवपदस्थ थाना प्रभारी पाण्डेय ने थना स्टॉफ के साथ बैठक कर अधिनस्थ गांवों की विधि व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली एवं उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।