April 17, 2026

दिवाली विशेष: गुजरात की ट्रेडिशनल स्वीट ‘मोहन थाल’ से सजाएं दीवाली की थाली, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाएंगे

111025

दिवाली विशेष: गुजरात की ट्रेडिशनल स्वीट ‘मोहन थाल’ से सजाएं दीवाली की थाली, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाएंगे

दिवाली स्पेशल, मोहनथाल रेसिपी: दीवाली का त्योहार आने वाला है और सभी घरों में उसकी तैयारियां जोरों पर हैं. मिठाइयों के बिना तो दीवाली अधूरी ही लगती है. और अगर मिठाइयां घर की बनी हों तो बात ही कुछ और होती है. दीवाली के पावन अवसर पर मोहन थाल जैसी पारंपरिक मिठाई बनाना न केवल स्वादिष्ट अनुभव होता है, बल्कि यह त्यौहार की खुशियों में भी चार चांद लगा देता है.

मोहन थाल मुख्य रूप से गुजरात की प्रसिद्ध मिठाई है, जिसे बेसन, घी और शक्कर से तैयार किया जाता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

सामग्री

बेसन (चना का आटा) – 1 कप
दूध – 1/4 कप
घी – 1/2 कप (पिघला हुआ)
चीनी – 3/4 कप
पानी – 1/3 कप
इलायची पाउडर – 1/2 टीस्पून
काजू-बादाम (कटे हुए) – 2 टेबलस्पून
केसर के कुछ धागे (वैकल्पिक)

विधि

1. बेसन तैयार करें: सबसे पहले एक बर्तन में बेसन छान लें. उसमें 2 टेबलस्पून दूध और 2 टेबलस्पून घी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. इस प्रक्रिया को “धोना” कहा जाता है, जिससे मिठाई का टेक्सचर दानेदार बनता है.

2. बेसन को भूनें: अब एक कड़ाही में बचा हुआ घी गरम करें और उसमें यह मिश्रण डालें. मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक भूनें. जब इसमें से खुशबू आने लगे और रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तो समझें कि बेसन तैयार है.

3. चाशनी बनाएं: एक पैन में चीनी और पानी डालें. इसे धीमी आंच पर तब तक उबालें जब तक कि एक तार की चाशनी न बन जाए. चाहें तो इसमें केसर और इलायची पाउडर मिला सकते हैं.

4. मिश्रण तैयार करें: जब बेसन अच्छी तरह भुन जाए, तो उसमें चाशनी डालें और तुरंत मिक्स करें. आंच बंद कर दें. अब इस मिश्रण को घी लगी हुई थाली में डालें और ऊपर से कटे हुए ड्राय फ्रूट्स छिड़कें.

5. सेट करें और काटें: इसे 1-2 घंटे के लिए ठंडा और सेट होने के लिए रख दें. फिर मनचाहे आकार में काट लें और परोसें.