दीक्षा जायसवाल को ‘स्टार ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड, छॉलीवुड में सफलता का परचम
इतेश सोनी रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री ‘छॉलीवुड’ में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाली दीक्षा जायसवाल ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘चिन्हारी – छॉलीवुड फिल्मफेयर अवॉर्ड 2025’ में दीक्षा को ‘स्टार ऑफ द ईयर 2024’ के प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
दीक्षा जायसवाल ने अपनी मेहनत और लगन से बहुत ही कम समय में छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत में खास पहचान बना ली है। उनकी शानदार अभिनय क्षमता और भावनाओं को जीवंत करने की कला ने उन्हें दर्शकों के दिलों में खास जगह दिलाई है। पुरस्कार मिलने के बाद दीक्षा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह अवॉर्ड सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उन सभी दर्शकों का है, जिन्होंने मुझे प्यार और सम्मान दिया। आप सभी के आशीर्वाद से मुझे यह सम्मान मिला है, और मैं वादा करती हूं कि आगे भी मैं और बेहतरीन काम करने के लिए मेहनत करती रहूंगी।”
छत्तीसगढ़ी सिनेमा की चमकती पहचान
दीक्षा जायसवाल की फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता पाई, बल्कि दर्शकों को भावनात्मक रूप से भी जोड़ने में कामयाब रही हैं। उनकी हर फिल्म में एक नई ताजगी और गहराई देखने को मिलती है, जो छत्तीसगढ़ी सिनेमा को एक नई ऊंचाई पर ले जाने में मदद कर रही है। उनकी बेहतरीन अदाकारी, आत्मविश्वास और मेहनत ने उन्हें छॉलीवुड की सबसे चर्चित और पसंदीदा अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया है।
दर्शकों का प्यार और समर्थन
दीक्षा जायसवाल को मिले इस सम्मान से छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें ढेरों बधाइयाँ दी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक उनके लिए बधाइयों की बौछार कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ी सिनेमा के इस चमकते सितारे को उनके बेहतरीन योगदान और सफलता के लिए ढेरों शुभकामनाएं! उम्मीद है कि आने वाले समय में दीक्षा अपनी मेहनत और शानदार अदाकारी से और भी ऊँचाइयाँ हासिल करेंगी।
