पहला सेट हारने के बाद जोकोविच ने बीच में छोड़ा मैच, नाम वापस लिया, ज्वेरेव फाइनल में पहुंचे
मेलबर्न । ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 में एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। 10 बार के चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने सेमीफाइनल मैच बीच में ही छोड़ दिया और मैदान से चले गए। दरअसल, वह चोट से जूझ रहे हैं और पहला सेट हारने के बाद खुद को आगे जारी रखने के लिए फिट नहीं पाया और चले गए। यह घटना चौंका देने वाली है क्योंकि जोकोविच को इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए पसंदीदा माना जा रहा था। उनके नाम वापस लेने से जर्मनी के दूसरी वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज्वेरेव फाइनल में पहुंच गए।
जोकोविच की चोट गंभीर मानी जा रही है और वह ज्वेरेव के खिलाफ पहले सेट में जूझते हुए दिख रहे थे। उनसे काफी गलतियां भी हुईं। पहला सेट ज्वेरेव टाई ब्रेकर में 7-6 से जीतने में कामयाब रहे। इसके तुरंत बाद ही जोकोविच ने बैग उठाया और रेफरी को जानकारी दी कि वह आगे इस मैच को जारी रखने में सक्षम नहीं हैं। जोकोविच का इस टूर्नामेंट में अब तक का सफर शानदार रहा था। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में स्पेन के स्टार कार्लोस अल्कारेज को 4-6, 6-4, 6-3, 6-4 से हराया था। इसके बाद उन्हें दो दिन का आराम मिला था। सेमीफाइनल मैच से पहले जोकोविच 90 मिनट का हीटिंग सेशन चाहते थे ताकि वह तरोताजा महसूस कर सकें, लेकिन उन्हें मैच छोड़ना पड़ा। मैच से पहले यह खबरें भी आ रही थीं कि जोकोविच इस कन्फ्यूजन में थे कि मैच खेलें या नहीं। जोकोविच के कोच एंडी मरे भी बैग लेकर जाते दिखे।
