नशीली टैबलेट बिक्री करने का आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग – मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्यवाही करते हुये थाना मोहन नगर पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल ने बताया थाना मोहन नगर पुलिस को नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा धमधा रोड सब्जी मंडी , दुर्ग क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखते हुये कार्यवाही की गई। मौके पर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 600 नग नशीली टैबलेट अल्प्राजोलम एवं 230 रुपये नगद बरामद हुये। पूछताछ एवं प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान कृष्णा दास मानिकपुरी निवासी कुदरा पारा , ग्रीन चौक , थाना – मोहन नगर के रूप में हुई।
बरामद नशीली टैबलेट की अनुमानित कीमत 2,40,000 रुपये है। आरोपी के विरुद्ध थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 616/2026, धारा 8, 22, 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना मोहन नगर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना मोहन नगर के पीएसआई भूपेंद्र कुमार , प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण पात्रे , आरक्षक जीतेश यादव , परस मांडवी , अमित वर्मा एवं तुषार सलामे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी –
कृष्णा दास मानिकपुरी उम्र 25 वर्ष निवासी कुदरा पारा , ग्रीन चौक , थाना -मोहन नगर , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नशीली दवाओं के अवैध विक्रय , सेवन अथवा परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
