अटल जी की जन्म शताब्दी और सुशासन दिवस के अवसर पर लेख …..
अटल जी की जन्म शताब्दी और सुशासन दिवस के अवसर पर लेख …..
अटल संकल्पों के साथ सुशासन की राह साय सरकार
राजनीति में जनसरोकार और सुशासन की संकल्पना
25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी है। देशभर में बहुतेरे आयोजनों के बीच शासन इसे सुशासन दिवस के रूप में मना रही है। अटल जी स्वयं समन्वय की राजनीति करते हुए भी शासन की जवाबदेही पर बल देते रहे। सुशासन दिवस मनाने का ध्येय भी सत्ता और शासन तंत्र को जवाबदेही का अहसास कराना है, जनहित में काम करने के लिए सरकारी लोगों की भूमिका को रेखांकित करना है। ये दिवस देश और समाज की उन्नति में शासन तंत्र को उसकी असल भूमिका का स्मरण भी कराता है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को भारत सरकार ने वर्ष 2014 से सुशासन दिवस के तौर पर मनाने का निर्णय लिया। वाजपेयी का सत्ता और शासन तंत्र को लेकर जो नजरिया रहा है उसका पुनःस्मरण कराना इस दिवस का एक अहम लक्ष्य है। राज्य की साय सरकार का नारा है हमने बनाया है और हम ही संवारेंगे। सरकार की दूरदर्शी सोच इस छोटे से नारे में समाहित है। जिस राज्य का गठन अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था उसकी बागडोर उनसे प्रभावित, उनके साथ संसदीय यात्रा का हिस्सा रहे विष्णुदेव साय के हाथों में है। उनके भी विचारों को अटल जी के सुशासन के मंत्र ने प्रभावित किया है।साय कहते भी हैं कि रामराज्य की हमारी संकल्पना ही वर्तमान दौर का सुशासन है।
प्रदेश में विष्णुदेव साय ने सरकार के इरादे स्पष्ट किए हैं कि वो सुशासन के संकल्प के साथ ही शासन करेंगे। अटल जी ने सत्ता को सेवा का माध्यम माना है। उन्होंने मूल्यहीन सत्ता से मूल्यपरक विपक्ष की राजनीति को श्रेयकर माना , ऐसे उच्च आदर्श की छाँव में भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई। प्रदेश में ‘हम बनाए हैं और हम ही संवारेंगे’ के संकल्प को जनता ने स्वीकारा तो है , अब इसे बनाए रखने के लिए अटल संकल्पों के साथ साय सरकार को बढ़ना होगा। सरकार ने एक साल में जो बहुत से घोषणा अनुरूप कार्य किए वो अपनी जगह ठीक हैं पर सबसे अधिक विश्वास भ्रष्टाचार के खिलाफ समय समय पर हो रहीं कार्रवाईयों ने बढ़ाया है।

संविधान के अनुरूप सरकार द्वारा तैयार विकास और उन्नति के प्रारूप में हर नागरिक अपना स्थान सुनिश्चित कर सके तभी सुशासन है। अटल जी मानते थे जो देश की दरिद्रता और विपन्नता है उसका कारण हमारी व्यवस्था की विफलता है। पांच्चजन्य में लिखे एक लेख में अटल जी ने कहा कि बेकारी , गरीबी, भूखमरी ईश्वर का विधान नहीं, मानवीय व्यवस्था की विफलता का परिणाम है। इस बात को समझते हुए लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में प्रशासन को संवेदनशील और अधिक जवाबदेह बनाने पर उन्होंने जोर दिया। आज उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी इस बात को अधिक बल देकर प्रतिध्वनित करते हैं कि less government and more governance से देश विकसित राष्ट्र की पंक्ति में जल्द अपने को खड़ा कर पाएगा।
जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कुछ काम ऐसे चल रहे हैं जो आस जगाते हैं कि सरकार के साथ व्यवस्था भी बदल रही है। यह तार्किक भी होगा कहना कि सामान्य तौर पर सरकारें तो बदल जाती हैं सरकारी तरीका नहीं। पर यह भी सच है कि नीयत के साफ होने पर व्यवस्था में फैली गंदगी की सफाई भी होती है। योजनाएं तो हजारों करोड़ की बनती है, जो सरकारें आतीं हैं वे योजनाएं बनातीं हैं और बजट में पैसे का आवंटन और फिर कई बार बंदरबाट भी होता है। पर सुशासन की नीयत से आई सरकार ने अपना एजेंडा साफ रखा कि जनता से यह सरकार है और जनता के लिए यह सरकार, बेहतर शासन व्यवस्था देना सरकार का काम है। सभी वर्गों के कल्याण की योजनाएं जमीं पर उतरती हुई दिख रहीं हैं यह उल्लेखनीय है। पर इससे ज्यादा विश्वास, पारदर्शी और भ्रष्टाचार के लिए कड़े रूख ने बढ़ाया है।
कल्याणकारी योजनाओं के लिए पैसे भेजने से ज्यादा शासनतंत्र की जवाबदेही को बढ़ाने से सुशासन अधिक प्रासंगिक होगा। अटल जी इस बात को लेकर चिंतित रहते थे कि वनवासियों के कल्याण की बातें कागजों से नीचे नहीं उतर पा रही हैं। कल्याणकारी राज्य की संकल्पना को साकार करने का घोष है सुशासन दिवस । इस घोष की आवाज जब हर क्षण शासन तंत्र में प्रतिध्वनित होती रहेगी तभी इस दिवस के आयोजन सार्थक और इसे मनाए जाने का निर्णय प्रासंगिक होगा।
प्रदेश की जनता को साय का शासन ही सुशासन की गारंटी दे रहा है । ये वो गारंटी है जो अटल जी की सुचितापूर्ण राजनीतिक चिंतन से उपजी है। अटल जी वर्ग भेद या वर्ग आधारित किसी भी विकास प्रारूप को अस्वीकार करते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी बात को नए सिरे से परिभाषित करते हुए कहते हैं कि देश के विकास मॉडल में सबका साथ और सबका विकास होगा। इस मॉडल में चार वर्ग केन्द्र में होंगे गरीब, युवा, महिला और किसान। विकास का मॉडल जो मोदी जी ने तैयार किया है उसको सफल बनाने के लिए जनता के प्रति निष्ठा और संवेदनशीलता से भरे शासनतंत्र की आवश्यकता है। उस तंत्र की जो जनता में विश्वास बढ़ाने वाली शासन की नीतियों को जनता के बीच पहुँचाने में सहायक हो।
सुशासन दिवस किसी प्रकार के शाब्दिक शपथ, विचार गोष्ठी और कवि सम्मेलनों के आयोजन की सरकारी रस्म भर बनकर न रह जाए इसके लिए सुशासन के ध्वजवाहकों को अधिक सतर्क रहना होगा। सोशल मीडिया से इतर सुशासन दिवस पर सुशासन के पुरोधा राजनीतिज्ञ पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को सामयिक रूप से स्मरण कर भी हम उन्हें उनकी जन्म शताब्दी पर श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उनके व्यक्तित्व को उनकी ही इन पंक्तियों से जान भी सकते हैं कि पाँवों के नीचे अंगारे , सिर पर बरसे यदि ज्वालाएं और निज हाथों से हँसते – हँसते आग लगाकर जलना होगा, कदम मिलाकर चलना होगा।
विकास शर्मा
प्रकाशन अधिकारी
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी
रायपुर (छ.ग.
