November 16, 2026

सच्चे प्रेम और भक्ति भाव के भूखे हैं भगवान – डॉ० नवीन पाठक

DSC1611261

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

बिलासपुर – नगर के अटल वाटिका में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस आज कथा व्यास पंडित डॉ. नवीन पाठक महाराज ने गजेंद्र मोक्ष , समुद्र मंथन , वामन चरित्र , नवम स्कन्ध में सूर्यवंश की कथा , श्रीराम चरित्र एवं दशम स्कन्ध में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव की कथा का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। महाराजश्री ने गजेंद्र मोक्ष की कथा सुनाते हुये बताया कि गजेंद्र को अपनी शक्ति एवं अपने परिवार का बड़ा अभिमान था। वह अपनी शक्ति के अभिमान में रहता था। एक बार जब गजेंद्र एक सरोवर में प्रवेश करता है , तभी एक ग्राह (मगरमच्छ) उसके पैर को पकड़ लेता है। गजेंद्र स्वयं को छुड़ाने का बहुत प्रयास करता है , लेकिन ग्राह की पकड़ से मुक्त नहीं हो पाता। उसके परिवार के अन्य सदस्य भी उसे बचाने का प्रयास करते हैं , लेकिन वे भी असफल रहते हैं। अंततः सभी उसे संकट में छोड़कर चले जाते हैं।

महाराजश्री ने इस प्रसंग के माध्यम से समझाया कि इसी प्रकार जीवात्मा की भी स्थिति होती है। मनुष्य को अपने परिवार , धन-संपत्ति एवं शक्ति का बड़ा अभिमान रहता है। वह सोचता है कि मेरे पास इतना बड़ा परिवार है, जो हर परिस्थिति में मेरा साथ देगा। लेकिन सत्य यह है कि जब तक मनुष्य का शरीर रहता है , तभी तक परिवार के सदस्य उसके साथ रहते हैं। जब आत्मा शरीर को छोड़ देती है , तब उसका संबंध संसार से समाप्त हो जाता है और जीवात्मा परमात्मा की शरण में चली जाती है। महाराजश्री ने बताया कि इस प्रसंग में गजेंद्र जीवात्मा का प्रतीक है , ग्राह मृत्यु का प्रतीक है और सरोवर यह संसार है। जब मनुष्य के जीवन में मृत्यु का समय आता है , तब मृत्यु की पकड़ धीरे-धीरे प्रारंभ होती है। उस समय संसार का कोई भी संबंधी उसे बचा नहीं सकता। जब गजेंद्र ने पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति भाव से भगवान को पुकारा , तब भगवान श्रीहरि स्वयं प्रकट होकर अपने भक्त गजेंद्र की रक्षा करते हैं। महाराजश्री ने संदेश दिया कि भगवान को धन , वैभव या शक्ति की आवश्यकता नहीं है। भगवान तो केवल सच्चे प्रेम और भक्ति भाव के भूखे हैं।

इसके पश्चात महाराजश्री ने समुद्र मंथन की कथा का वर्णन करते हुये बताया कि समुद्र मंथन से अमृत की प्राप्ति हुई। देवताओं ने अमृतपान करके अमरत्व प्राप्त किया तथा दैत्यों पर विजय प्राप्त कर पुनः स्वर्ग का राज्य प्राप्त किया। आगे महाराजश्री ने भगवान श्रीवामन देव के पावन चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। भगवान ने वामन रूप धारण करके राजा बलि की यज्ञशाला में प्रवेश किया और भिक्षा के रूप में तीन पग भूमि मांगी। भगवान ने अपने विराट स्वरूप से दो पग में संपूर्ण पृथ्वी और स्वर्गलोक नाप लिया। तीसरा पग रखने के लिये जब कोई स्थान शेष नहीं रहा , तब राजा बलि ने अपना शीश भगवान के चरणों में समर्पित कर दिया। इस प्रकार भगवान ने राजा बलि की भक्ति एवं समर्पण को स्वीकार किया। इसके पश्चात महाराजश्री ने नवम स्कन्ध में सूर्यवंश की पावन कथा का श्रवण कराया।

इसमें महाराज अंबरीष , महाराज सगर , महाराज भगीरथ , राजा रघु , महाराज दशरथ एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन चरित्र का वर्णन किया। आगे दशम स्कन्ध की कथा में महाराजश्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने माता देवकी के गर्भ से कंस के कारागार में प्राकट्य लिया। भगवान के प्राकट्य के पश्चात वसुदेव जी उन्हें लेकर गोकुल पहुंचे और नंद बाबा के घर छोड़ आये। इसके बदले माता यशोदा ने जिस कन्या को जन्म दिया था , वसुदेवजी उस कन्या को लेकर वापस कारागार पहुंच गये। जब कंस ने उस कन्या को पत्थर पर पटकना चाहा , तब वह कन्या अष्टभुजी देवी के रूप में प्रकट हुईं और कंस से कहने लगीं कि मैं तुम्हारा काल नहीं हूं , तुम्हारा काल तो कहीं अन्यत्र जन्म ले चुका है। इसके पश्चात गोकुल में नंद बाबा के घर बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ नंदोत्सव मनाया गया। कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी बड़े ही आनंद , उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ नंदोत्सव में सहभागिता की और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। पूरा कथा पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों एवं भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

You may have missed