नाचा अमेरिका ने उत्साहपूर्वक मनाया छग राज्य स्थापना दिवस एवं दीपावली मिलन समारोह
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
कैलिफोर्निया (अमेरिका) – नॉर्थ अमेरिकन छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) के बे एरिया चैप्टर द्वारा आज छत्तीसगढ़ के छब्बीसवें राज्य स्थापना दिवस (राज्य उत्सव) और दीपावली के पावन पर्व का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर बे एरिया और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले छत्तीसगढ़ी समुदाय के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुये और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत , लोक परंपराओं तथा अपनी जड़ों से जुड़ने का उत्सव मनाया। बे एरिया नाचा की प्रेसीडेंट पूजा महतो ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक कलाओं की जीवंत प्रस्तुति रहा। पुरुषों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक ‘राउत नाचा’ के जोश और शौर्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया , वहीं महिलाओं और युवतियों द्वारा किये गये मनमोहक ‘सुआ नृत्य’ ने लोक गीतों की मधुरता से पूरे वातावरण को छत्तीसगढ़ी रंग में रंग दिया। इसके साथ ही समुदाय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक और रंगारंग नृत्यों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
विदेश में रहकर सामूहिक दीपावली मनाने का महत्व
अपने राज्य और देश से हजारों मील दूर रहकर एक समुदाय के रूप में दीपावली और राज्य स्थापना दिवस मनाना केवल एक उत्सव नहीं , बल्कि अपनी पहचान और संस्कारों को जीवित रखने का एक सशक्त माध्यम है। परदेस की व्यस्त जीवनशैली के बीच ऐसे सामूहिक आयोजन हमें ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और अपनेपन का एहसास कराते हैं। दीपावली का यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है और जब इसे पूरे समाज के साथ मिलकर मनाया जाता है , तो यह आपसी भाईचारे , एकता और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करता है। विशेष रूप से नई पीढ़ी (बच्चों) के लिये ये आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं , क्योंकि इन्हीं के माध्यम से वे अपनी मातृभूमि की भाषा , लोक-संस्कृति , त्योहारों के महत्व और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ पाते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को राज्य स्थापना दिवस और दीपावली की शुभकामनायें दीं तथा पारंपरिक व्यंजनों और आत्मीय मिलन का आनंद लिया। आयोजन के अंत में नाचा बे एरिया टीम ने सभी प्रतिभागियों , कलाकारों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया , जिनके सहयोग से यह सांस्कृतिक संध्या यादगार बन सकी।
