November 14, 2026

गुम हुये चालीस लाख रूपये के मोबाइल वास्तविक स्वामियों को वितरित

DSC1411262

इस वर्ष सातवीं बार एसएसपी विजय अग्रवाल ने किया मोबाइल वितरण

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार जिले में गुम एवं खोये हुये मोबाइल फोन की बरामदगी कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम द्वारा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की तकनीकी जानकारी प्राप्त कर उनकी पतासाजी की गई। अभियान के दौरान वर्ष 2024 , 2025 एवं 2026 में गुम हुये मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिये तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर उपयोग में आ रहे मोबाइल फोन की पहचान कर संबंधित जिलों एवं राज्यों से समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों से दुर्ग , भिलाई , राजनांदगांव , बालोद , बेमेतरा , रायपुर सहित अन्य जिलों तथा महाराष्ट्र , आंध्रप्रदेश एवं बिहार सहित अन्य राज्यों से विभिन्न कंपनियों के कुल 201 मोबाइल फोन बरामद किये गये। आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की उपस्थिति में बरामद सभी 201 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत वितरित किये गये। मोबाइल वापस मिलने पर संबंधित नागरिकों ने दुर्ग पुलिस एवं एसीसीयू टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में यह सातवां अवसर है , जब दुर्ग पुलिस द्वारा गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किये गये हैं। सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अब तक 1400 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित व्यक्तियों को लौटाये जा चुके हैं। उक्त कार्यवाही में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट दुर्ग की टीम एवं जिले के संबंधित थाना प्रभारियों तथा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण , सीईआईआर पोर्टल पर निगरानी , विभिन्न जिलों एवं राज्यों से समन्वय तथा गुम मोबाइलों की पतासाजी के लिये किये गये निरंतर प्रयासों से 201 मोबाइल बरामद किये गये।

दुर्ग पुलिस की अपील –

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें तथा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही अपने मोबाइल में स्क्रीन लॉक एवं अन्य सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करें। महत्वपूर्ण फोटो , दस्तावेज एवं व्यक्तिगत डाटा का सुरक्षित बैकअप रखें। अनजान लिंक पर क्लिक ना करें , संदिग्ध कॉल से सावधान रहें तथा किसी के साथ ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा ना करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक वेबसाइट पर रिपोर्ट करें।