गौमाता का सम्मान ही भारतीय संस्कृति का सम्मान – सुश्री निधि त्रिपाठी
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
महोबा – गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने हेतु चल रहे देशव्यापी अनोखा अभियान गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत शहर में गौ माता के सम्मान , संरक्षण और संवर्धन के लिये आज एकता पैलेस महोबा में विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने , गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने हेतु जनमत तैयार करना है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में संतगण , सामाजिक कार्यकर्ता , महिला शक्ति , युवा , किसान , व्यापारी वर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर “गौ माता की जय”, “गौ रक्षा – राष्ट्र रक्षा” के नारों से वातावरण गूंज उठा। हस्ताक्षर अभियान में हजारों नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया। हस्ताक्षर करने वालों में स्कूली छात्र-छात्राओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी वर्गों के लोग शामिल हुये। इसी कड़ी में जीवन पर्यन्त देश की सेवा का प्रण सेवा करने वाले देश भर रिटायर्ड फौजियों एवं अन्य सभी शासकीय पेंशनरों से भी अभियान के जनजागृति के माध्यम से अधिक से अधिक हस्ताक्षर अभियान से जुड़ने की अपील की गई।
इस अवसर पर बुंदेलखण्ड संभाग प्रभारी सुश्री निधि त्रिपाठी ने कहा कि गौ माता पशु नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति , आस्था और अर्थव्यवस्था की आत्मा हैं। गौ माता का सम्मान ही भारत की संस्कृति का सम्मान है। इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से हम सरकार तक जनता की भावना पहुंचाना चाहते हैं कि गौ रक्षा के लिये ठोस और प्रभावी कदम उठाये जायें। उन्होंने बताया कि यह हस्ताक्षर अभियान जिले भर के प्रमुख चौराहों , मंदिरों , विद्यालयों , महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर चरणबद्ध रूप से चलाया जायेगा।
गौ सम्मान आह्वान अभियान उत्तरप्रदेश में 14 दिसंबर लखनऊ चलो की तैयारी को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। इस अभियान में बुंदेलखंड से तृतीय चरण में अब तक दस लाख से अधिक हस्ताक्षर हो चुके हैं और कार्य निरंतर प्रतिदिन चल रहा है। आप सभी के सहयोग से नित्यप्रति लोगों का आह्वान के प्रति जनजागरूकता बढ़ रही है। अभियान समिति ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और हस्ताक्षर कर गौ माता के सम्मान की इस मुहिम को सफल बनायें। इस अवसर पर निधि त्रिपाठी बुंदेलखंड संभाग प्रभारी , विनीता पांडेय गौप्रचारक बुंदेलखंड , मनोज शुक्ला जिला प्रभारी इत्यादि सभी गौ भक्त एवं गोप्रेमी गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने हेतु शांतिपूर्ण हस्ताक्षर अभियान का हिस्सा बने।
