November 3, 2026

एनआईबीएसएम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ

260926

रायपुर, 26 अक्टूबर 2026: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (आईसीएआर-एनआईबीएसएम), रायपुर में आज सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष सप्ताह का विषय “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखा गया है। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई।

इस अवसर पर डॉ. राय ने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण सुशासन एवं राष्ट्रीय विकास के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करने का आह्वान किया, ताकि संस्थान में पारदर्शी, प्रभावी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके।

संस्थान के सतर्कता अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा भी ली जाएगी।

सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के दौरान जागरूकता अभियान, बैनर एवं पोस्टर प्रदर्शन, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा सतर्कता संबंधी विषयों एवं लोक प्रशासन में नैतिक मूल्यों पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।

इन गतिविधियों के माध्यम से आईसीएआर-एनआईबीएसएम का उद्देश्य सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोक सेवा में जवाबदेही को प्रोत्साहित करना तथा संस्थागत उत्कृष्टता और राष्ट्रीय समृद्धि के लिए नैतिक एवं पारदर्शी प्रशासन को सुदृढ़ करना है।

You may have missed