अवैध अप्रवासियों पर पुलिस की सख्त नजर
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा – पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आज पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों के संबंध में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाये रखने के लिये बाहरी व्यक्तियों की जानकारी रखना अत्यंत आवश्यक है। इनका उद्देश्य जिले में अवैध रूप से रह रहे लोगों , संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक तत्वों पर निगरानी रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकना है।
वहीं मकान मालिकों और संस्थानों के लिये निर्देश देते हुये उन्होंने कहा कि किरायेदार रखने से पहले उसका अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन करायें। किरायेदार का आधार कार्ड , फोटो और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करें। किरायेदारों की जानकारी नहीं दिये जाने पर मकान मालिकों के विरुद्ध धारा 224 बीएनएस के तहत कार्यवाही की जायेगी।
ठेकेदार , राइस मिल , फैक्ट्री वालों को भी किसी भी नये कर्मचारी को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। होटल , लॉज , धर्मशाला वाले आगंतुकों का पहचान पत्र लेकर रजिस्टर में एंट्री करें और संदिग्ध लगने पर तुरंत नजदीकी थाने को सूचना दें। इसके अलावा सभी संस्थान अपने आगंतुक और कर्मचारी रजिस्टर का संधारण नियमित रूप से करें और सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखें।
नागरिकों से अपील –
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आपकी सतर्कता ही जिले की सुरक्षा है। यदि आपके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति , बाहरी व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 9479193199 या टोल-फ्री नंबर 1800 233 1905 पर दें। आपातकाल में 112 डायल करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं है , बल्कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाये रखना है। अवैध रूप से रह रहे और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। प्रेस कांफ्रेंस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप , डीएसपी अजाक सतरूपा तारम , सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे उपस्थित थे।
