June 14, 2026

विश्व रक्तदाता दिवस: राज्यपाल रमेन डेका ने कहा – ‘रक्तदान ही सबसे बड़ा पुण्य, यह जीवन बचाने का माध्यम’

130626

विश्व रक्तदाता दिवस: राज्यपाल रमेन डेका ने कहा – ‘रक्तदान ही सबसे बड़ा पुण्य, यह जीवन बचाने का माध्यम’

रायपुर:“मनुष्य का सबसे बड़ा धर्म दूसरे के जीवन की रक्षा करना है और यदि यह हमारे रक्त की एक बूंद से संभव हो सके, तो इससे बड़ा कोई पुण्य नहीं है।” ये बातें छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित एक गरिमामयी समारोह में कहीं।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा रायपुर के लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने प्रदेश के 30 सर्वाधिक रक्तदान करने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न संगठनों के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और यह केवल एक स्वस्थ व्यक्ति के स्वैच्छिक दान से ही प्राप्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल, एनीमिया, हिमोफिलिया, कैंसर जैसी बीमारियों और आपातकालीन दुर्घटनाओं के समय रक्त की एक यूनिट जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर तय करती है।

छत्तीसगढ़ के सेवा भाव की सराहना

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ के रक्तदाताओं के सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के लोगों में जो निस्वार्थ सेवा का जज्बा है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने कहा, “वर्षों से निस्वार्थ भाव से रक्तदान करने वाले ये लोग समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और इनकी सेवा भावना भावी पीढ़ियों के लिए एक मिसाल है।” इस दौरान उन्होंने रेडक्रॉस ब्लड बैंक और उसकी टीम द्वारा जरूरतमंदों तक जीवनदायी रक्त पहुँचाने के कार्यों की भी सराहना की।

लोकभवन में रक्तदान शिविर

कार्यक्रम के दौरान लोकभवन में एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

प्रमुख उपस्थिति

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमेन श्री तोमन साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उपाध्यक्ष श्री रूपेश पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष श्री संजय पटेल, रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के प्रभारी डॉ. सत्यनारायण पाण्डेय, सचिव डॉ. रूपल पुरोहित, पूर्व चेयरमेन श्री अशोक अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और रक्तदाता उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन डॉ. रूपल पुरोहित द्वारा किया गया।

You may have missed