महिला अपहरण काण्ड के दो महिला सहित पांच आरोपी जेल दाखिल
महिला अपहरण काण्ड के दो महिला सहित पांच आरोपी जेल दाखिल
तेजतर्रार एसपी सुश्री अंकिता शर्मा ने दी जानकारी
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
राजनांदगांव – मिर्च स्प्रे दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुये महिला के अपहरण करने के दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को चौकी सुकुलदैहान पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं अपहृत महिला को घटना के पश्चात सुरक्षा प्रदान की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में इस अपहरण काण्ड का खुलासा करते हुये जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने बताया कि गत दिवस 05 मई को पूर्वान्ह लगभग ग्यारह बजे गठुला रोड क्षेत्र में ट्रैफिक निरीक्षक नवरत्न कश्यप , आरक्षक कपिल श्रीवास्तव , सुखदेव साहू एवं उनकी टीम द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध दिखने पर एक स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 08/ जेड /2334 को रोका गया। वाहन की जांच के दौरान पीछे बैठी एक महिला की स्थिति असामान्य और संदिग्ध प्रतीत हुई। पूछताछ करने पर वाहन में सवार व्यक्तियों द्वारा महिला को मिर्गी का मरीज बताते हुये पुलिस को गुमराह करने का हरसंभव प्रयास किया गया।
किन्तु पुलिस टीम की सतर्कता एवं संवेदनशीलता अनुभव के चलते स्थिति को भांप कर तुरंत गंभीरता से पूछताछ किया गया। इसी दौरान महिला द्वारा साहस दिखाते हुये पुलिस टीम को सहायता हेतु इशारा किया गया। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा तत्काल हस्तक्षेप करते हुये सभी व्यक्तियों को वाहन से नीचे उतरवाकर बारिकी से पूछताछ की गई। जांच में महिला की पहचान पद्मश्री श्रीमती फुलबासन देवी यादव निवासी ग्राम सुकुलदैहान के रूप में हुई। जिन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा उन्हें बहला-फुसलाकर वाहन में बैठाया गया एवं जबरन ले जाया जा रहा था।
महिला ने यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा उन्हें धमकाते हुये मिर्च स्प्रे दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई तथा महिला समूह एवं अन्य कार्यों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस टीम की त्वरित कार्यवाही एवं सजगता के कारण पीडिता को सुरक्षित मुक्त कराया जा सका , वहीं पद्मश्री श्रीमती फुलबासन देवी यादव को हुई घटना के पश्चात सुरक्षा प्रदान की गई है। पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के कथन अनुसार गवाहों के समक्ष मेमोरेंडम लिया गया।
आरोपी खुशबू साहू की निशानदेही पर एक नग मिर्ची स्प्रे एवं मोबाइल जप्त किया गया तथा आरोपी दिनेश बंजारे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 08/ जेड /2334 एवं एक मोबाइल जप्त किया गया।पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में राजनांदगांव पुलिस द्वारा तत्परता , सक्रियता एवं प्रभावी पुलिसिंग का प्रदर्शन करते हुये पद्मश्री श्रीमती फुलबासन देवी अपहरण की गंभीर घटना को समय रहते विफल कर पीड़िता को सुरक्षित मुक्त कराया गया। अपराध क्रमांक 182/2026 धारा 140 (1) , 140 (3) , 351(3) , 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत त्वरित कार्यवाही करते हुये सुकुलदैहान चौकी पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम हेतु पुरस्कार की घोषणा –
राजनांदगांव पुलिस की यह कार्यवाही धरातल पर सतत सक्रिय , संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है , जिसने संभावित गंभीर अपराध को समय रहते विफल कर आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और मजबूत किया है। राजनांदगांव पुलिस ने इस प्रकार से अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरण को अल्प समय में घटित होने से रोककर मानवता एवं श्रेष्ठ पुलिसिंग की अनोखा एवं अभूतपूर्व उदाहरण प्रस्तुत किया है , जिसका सभी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना किया गया। उक्त त्वरित कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव बालाजी राव एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा उचित पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
गिरफ्तार आरोपीगण –
खुशबु साहू पिता अरूण साहू उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम – भिंभौरी , पो० – बेरला , थाना – बेरला , जिला – बेमेतरा , सलोनी महेश्वरी पिता अरूण महेश्वरी निवासी ग्राम – नेवनारा पो० – हसदा , थाना – बेरला , जिला – बेमेतरा , दिनेश बंजारे पिता स्व. कम्मल बंजारे उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम – नयाढाबा वार्ड नं. 14 पो० – भिंभोरी , थाना – बेरला , तहसील – बेरला , जिला – बेमेतरा , गोपाल खेलवार पिता संतोष खेलवार उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम – पथरिया वार्ड नं. 02 पो० – मेडेसरा , थाना – अहिवारा , तहसील – धमधा , जिला – दुर्ग और चिनक राम साहू पिता मन्नूलाल साहू उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम – रताम बहेरा , थाना – एवं तहसील – बेरला , जिला – बेमेतरा (छत्तीसगढ़)।
