June 6, 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नेहा दीपक सिंघल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, क्षेत्र की जनसमस्याओं से कराया अवगत

145f950e-a1dc-4fb9-82d0-52d5e18070a3

इतेश सोनी

इतेश न्यूज़ सर्विस रायपुर।
राज्य के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय जी से आज नेहा दीपक सिंघल जी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

बैठक में मुख्य रूप से पाँच प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई —

1️⃣ अमलीपदर सूखा नाला में अधूरा पुल निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने की मांग
विकासखंड मैनपुर के ग्राम पंचायत अमलीपदर में 2021-22 में प्रारंभ हुआ पुल निर्माण कार्य ठेकेदार की लापरवाही के कारण अधूरा रह गया था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। अधूरे पुल के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों और किसानों को रोजाना जोखिम भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है। बरसात के दिनों में नाले में पानी भर जाने से कई बार हादसे भी हो चुके हैं।

2️⃣ देवभोग मिनी स्टेडियम में विद्युत ट्रांसफार्मर की स्वीकृति की मांग
विकासखंड देवभोग के मिनी स्टेडियम में अंतर्राज्यीय क्रिकेट और अन्य खेल आयोजन नियमित रूप से होते हैं, परंतु ट्रांसफार्मर न होने के कारण प्रकाश व्यवस्था बाधित रहती है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि स्टेडियम के लिए शीघ्र ट्रांसफार्मर स्वीकृत किया जाए।

3️⃣ ग्राम पंचायत गिरसुल में पेयजल हेतु सौर ऊर्जा पंप स्वीकृति
ग्राम पंचायत गिरसुल में पेयजल की समस्या विकराल है। भूमिगत जल स्तर अत्यधिक नीचे चले जाने से हैंडपंप सूख चुके हैं। वर्तमान में पानी की आपूर्ति टैंकरों से की जा रही है। ऐसी स्थिति में सौर ऊर्जा से संचालित बोर की स्वीकृति अति आवश्यक बताई गई।

4️⃣ देवभोग शासकीय महाविद्यालय में सौर ऊर्जा प्रणाली की स्थापना
शासकीय पं. श्याम शंकर मिश्र महाविद्यालय, देवभोग में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऑनलाइन क्लास व प्रयोगात्मक कार्यों में भी कठिनाई आ रही है। प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय में मार्केट मोड सोलर पैनल विथ बैटरी बैंक लगाने की मांग रखी।

5️⃣ सुपेबेड़ा व दीवानमुड़ा स्वास्थ्य केन्द्रों में सौर ऊर्जा लगाने की मांग
दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नदी पार स्थित हैं, जहां बार-बार बिजली गुल होने से मरीजों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ती है। प्रतिनिधिमंडल ने इन केंद्रों में सौर ऊर्जा आधारित बिजली व्यवस्था की स्वीकृति की मांग की।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से मैनपुर जनपद सभापति श्री निर्भय सिंह ठाकुर, भाजपा कांदाडोंगर मंडल महामंत्री मुकेश साहू, अमलीपदर सरपंच हेमो नागेश, एवं समाजसेवी आशुतोष सिंह राजपूत (चिराग ठाकुर) सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

You may have missed