बारिश में घर पर असानी से बनाएं तंदूरी कॉर्न, चटपटा भी और हेल्दी भी
बारिश में घर पर असानी से बनाएं तंदूरी कॉर्न, चटपटा भी और हेल्दी भी
तंदूरी कॉर्न रेसिपी: बारिश के मौसम में कॉर्न (भुट्टा) खाने का अलग ही मजा होता है. अगर हर दिन इसे अलग-अलग तरीकों से तैयार किया जाए और नए-नए फ्लेवर ट्राय किए जाएं, तो स्वाद दोगुना हो जाता है.
तंदूरी कॉर्न एक स्वादिष्ट, चटपटा और हेल्दी स्नैक है जिसे आप घर पर बहुत ही आसान तरीके से बना सकते हैं. चाहे आपके पास ओवन हो या न हो, आप इसे तवे या गैस पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं तंदूरी कॉर्न रेसिपी बनाने की विधि.
सामग्री
भुट्टे (स्वीट कॉर्न) – 2 से 3 मध्यम आकार के
दही (हंग कर्ड) – 1/2 कप गाढ़ा
सरसों का तेल – 1 बड़ा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
भुना जीरा पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
चाट मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – 1/4 छोटा चम्मच
कसूरी मेथी (क्रश की हुई) – 1/2 छोटा चम्मच
अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
ताज़ा हरा धनिया – गार्निश के लिए
बटर (वैकल्पिक – स्वाद बढ़ाने के लिए)
विधि
सबसे पहले भुट्टों को छीलकर अच्छे से धो लें. चाहें तो इन्हें उबालकर आधा पका सकते हैं या सीधे कच्चे भुट्टों पर मसाला लगा सकते हैं.
अब एक बाउल में दही लें. इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट, सभी सूखे मसाले (लाल मिर्च, धनिया, हल्दी, जीरा पाउडर, चाट मसाला, कसूरी मेथी), सरसों का तेल, नींबू का रस और नमक डालें. अच्छे से फेंटकर एक स्मूद पेस्ट तैयार करें.
इस मसाले को भुट्टों पर ब्रश या हाथों की मदद से अच्छी तरह लगाएं. हर कोने में मसाला बराबर लगे, इसका ध्यान रखें. फिर इन्हें 15–20 मिनट के लिए मैरीनेट होने दें.
ओवन को 200°C पर प्रीहीट करें. भुट्टों को फॉयल पेपर में लपेटकर बेकिंग ट्रे पर रखें और 15–20 मिनट तक बेक करें. बीच-बीच में एक-दो बार पलट लें. अंत में ऊपर से बटर लगा सकते हैं.
अगर आपके पास ओवन नहीं है, तो सीधे फ्लेम पर भुट्टा सेंकें जब तक वह हल्का जला हुआ (चारकोल जैसा) न दिखे. तवा गरम करें, थोड़ा सरसों का तेल डालें और मसाला लगे भुट्टों को धीरे-धीरे पलटते हुए सेकें जब तक वह चारों ओर से सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए.
ऊपर से नींबू का रस और चाट मसाला छिड़कें. हरे धनिये से गार्निश करें और गरमा-गरम परोसें – चाय या ठंडी ड्रिंक के साथ.
इस रेसिपी में बहुत कम तेल लगता है और दही बेस्ड मैरिनेशन के कारण यह पचने में आसान होता है. यह बच्चों और बड़ों दोनों के लिए एक बेहतरीन इवनिंग स्नैक है.
