सिंगर नितिन दुबे ने बतौर लीड हीरो साइन की अपनी पहली फिल्म, फैन्स को दी बड़ी खुशख़बरी
इतेश सोनी समाचार पृष्ठ रायपुर – छत्तीसगढ़ी म्यूज़िक इंडस्ट्री के सबसे चमकते सितारों में से एक, सुपरस्टार सिंगर नितिन दुबे ने अपने चाहने वालों को एक बड़ी खुशख़बरी दी है। नितिन दुबे ने अपने करियर की पहली फिल्म बतौर लीड हीरो साइन कर ली है। यह खबर अब सोशल मीडिया के ज़रिए कन्फर्म हो चुकी है, जहाँ उन्होंने एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह फिल्म की स्क्रिप्ट साइन करते नज़र आ रहे हैं।
नितिन दुबे का नाम छत्तीसगढ़ी संगीत प्रेमियों के दिलों में एक खास जगह रखता है। उन्होंने अब तक कई सुपरहिट गीत दिए हैं और छत्तीसगढ़ मइया की सेवा को ही अपना जीवन समर्पित किया है। लंबे समय से उनके फैन्स यह इच्छा जता रहे थे कि उन्हें बड़े पर्दे पर बतौर हीरो देखा जाए। इसको लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगती रही थीं, लेकिन अब यह सपना हकीकत में बदल चुका है। 
गौरतलब है कि नितिन दुबे को पहले भी कई फिल्मों के ऑफर्स मिल चुके थे, लेकिन उन्होंने अब तक किसी भी प्रोजेक्ट को स्वीकार नहीं किया था। माना जा रहा है कि वे एक दमदार कहानी और दमदार रोल की तलाश में थे, जो अब जाकर उन्हें मिला है। उन्होंने जिस फिल्म को साइन किया है, वह छत्तीसगढ़ी सिनेमा को एक नया आयाम देने का माद्दा रखती है।
इस फिल्म को लेकर उनके फैन्स बेहद उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों की कतार लगी हुई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नितिन दुबे बड़े पर्दे पर अपने अभिनय से क्या नया कमाल दिखाते हैं।
छत्तीसगढ़ी इंडस्ट्री को इस फिल्म से बहुत उम्मीदें हैं, और निस्संदेह यह एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है जहां एक लोकप्रिय सिंगर अब नायक के रूप में दिल जीतने आ रहे हैं।
