October 10, 2026

श्रीजड़खोर गोधाम में श्रीकृष्ण बलराम गो आराधना महोत्सव कल से

DSC101026

शंकराचार्य सहित देश भर के दिग्गज संत होंगे शामिल

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जड़खोर – श्री शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर श्रीजड़खोर गोधाम में कल 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक श्री कृष्ण बलराम गो आराधना महोत्सव आयोजित है। इसमें प्रात: दस बजे से दोपहर एक बजे तक अनन्तश्री विभूषित श्रीमज्जगद्गुरु द्वाराचार्य श्री अग्रपीठाधीश्वर एवं श्रीमलूकपीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी श्रीराजेन्द्रदास देवाचार्य जी महाराज (श्रीरेवासा – वृंदावन धाम) के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा एवं उनकी सन्निधि में श्रीसुरभि सहस्त्र चण्डी महायज्ञ सम्पादित होगा। इसके अलावा सहस्त्र चण्डी के 1000 पाठ , 70000 दुर्गासप्तशती मंत्रों से यज्ञाहुति , 1000 गावोपनिषद पाठ , 1000 गोमती विद्या स्तोत्र पाठ , नित्य प्रति पंच देवार्चन प्रयोग , 600000 सुरभि मंत्र का जाप , श्रीमद्भागवत , श्रीमद्देवीभागवत एवं श्री मार्कण्डेय पुराण का मूल पारायण , एक दिवसीय रामार्चा महायज्ञ , एक दिवसीय राधाकृष्ण भगवान का ब्याहुला उत्सव एवं छप्पन भोग , नित्य सायंकालीन छह दिवसीय ब्रज की रासलीला , गुरूकुल के बटुक ब्रह्मचारियों द्वारा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम , सायंकालीन भजन संध्या के साथ साथ विभिन्न महापुरूषों का दर्शन , श्रवण भी सुलभ होगा। इस महामहोत्सव में शामिल होने जांजगीर छत्तीसगढ़ से भी गोभक्त पहुंचे हुये हैं।

इनकी रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

इस आराधना महोत्सव में द्वारिका शारदापीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वतीजी महाराज , कार्ष्णिपीठाधीश्वर श्रीगुरूशरणानन्द महाराज रमणरेती गोकुल , विनोदबाबा श्रीधाम बरसाना , श्रीहित प्रेमानंद गोविन्दाशरण महराज वृंदावन , महामण्डलेश्वर स्वामी ज्ञानानन्दजी महाराज , दीदी मां साध्वी ऋतम्भरा , योग ऋषि स्वामी रामदेव बाबा , बागेश्वर बाबा धीरेन्द्र शास्त्री , प्रदीप मिश्रा (सिहोर वाले) , इंद्रेश उपाध्याय , देवकीनन्दन ठाकुर , अनिरूद्धाचार्य , गोवत्स राधाकृष्ण महाराज , रसिया बाबा , श्यामसुंदर पाराशर वृंदावन सहित कई संत महात्माओं की उपस्थिति रहेगी। श्रीकृष्ण बलराम गो आराधना महोत्सव समिति जड़खोर ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

You may have missed