September 3, 2026

एकेडमी में लाखों रूपये चोरी करने के दो आरोपी जेल दाखिल

DSC19261

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीव्ही कैमरों के अवलोकन से एकेडमी का ताला तोड़कर आलमारी के लॉकर में रखे लाखों रूपये नगदी रकम को चोरी कर फरार होने के दो आरोपियों को थाना उरला पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये चौबीस घंटे के अंदर मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर  न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इस चोरीकाण्ड का खुलासा करते हुये पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप ने बताया प्रार्थिया प्रगति वर्मा ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज करया कि वह बीरगांव कैलाश नगर स्थित व्ही.आर. एजुकेशन एकेडमी की संचालिखा हैं

। गत 31 अगस्त की मध्य रात्रि लगभग बारह बजे से एक बजे के मध्य किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा एकेडमी का ताला को तोडकर अंदर प्रवेश कर आलमारी के लॉकर में रखे नगदी रकम को चोरी कर फरार हो गया था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना उरला में अपराध क्रमांक 409/26 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। लाखों रूपये चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुये पुलिस आयुक्त डॉ संजीव शुक्ला व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिस पर पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन व मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आदित्य पाण्डेय , सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी उरला रोहित मालेकर को अज्ञात आरोपी की जल्द से जल्द पतासाजी कर गिरफ्तार करने हेतु टीम बनाकर लगाया गया।

जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में थाना उरला पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थिया तथा एकेडमी से संबंधित अन्य व्यक्तियों से भी पृथक-पृथक पूछताछ कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटनास्थल तथा उसके आस-पास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेजों को अवलोकन करने के साथ-साथ प्रकरण में अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु मुखबिर भी लगाये गये थे।

तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीव्ही. कैमरों के अवलोकन से टीम के सदस्यों को आरोपियों के ट्रेन के माध्यम से उज्जैन रवाना होने की जानकारी प्राप्त हुई , जिस पर पुलिस टीम के त्वरित कार्यवाही करते हुये आरपीएफ. भिलाई तथा बैतुल(मध्यप्रदेश) से समन्वय स्थापित कर आरोपियों को बैतुल में हिरासत में लिया गया। दोनो आरोपियों को हिरासत में लेकर रायपुर में लाकर पूछताछ करने पर उनके द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा दोनो आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी रकम 4,97,500 रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना उरला पुलिस ने दोनो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी चित्रांश सेन के विरुद्ध पूर्व में वर्ष 2022 में थाना ख़मतराई में दो अपराध कायम हुये हैं। जिसमें एक मारपीट और एक मोटर साइकल चोरी का अपराध है।

गिरफ्तार आरोपीगण –

चित्रांश सेन पिता कृष्णा सेन उम्र 18 वर्ष निवासी – धनीराम फिल्ड कंपनी यातायात के पास , थाना – खमतराई और फिरोज साहू पिता संतोष साहू उम्र 19 वर्ष निवासी – कैलाश नगर बीरगांव , शिव मंदिर के पास , थाना – उरला , जिला – रायपुर (छत्तीसगढ़)।