June 9, 2026

सियान गुड़ी का प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने किया निरीक्षण

100426

सियान गुड़ी का प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने किया निरीक्षण

94 वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत, 32 को मिल रही फिजियोथेरेपी की सुविधा

कैरम, शतरंज, लूडो और संगीत प्रतियोगिता के विजेता वरिष्ठ नागरिक हुए सम्मानित

भजन और स्वागत गीतों की प्रस्तुति ने बांधा समां, वरिष्ठजनों की प्रतिभा की हुई सराहना

रायपुर, 8 जून 2026, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, देखभाल एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित सियान गुड़ी का सफल संचालन किया जा रहा है। जशपुर जिले के प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने आज सियान गुड़ी का निरीक्षण कर यहां संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों ने प्रभारी सचिव का आत्मीय स्वागत किया।

प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने सियान गुड़ी में आयोजित कैरम, शतरंज, लूडो एवं संगीत प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। लूडो प्रतियोगिता में श्री विजय कुमार शर्मा, शतरंज में श्री राकेश्वर कुमार, कैरम में श्री नरेश मिश्रा एवं श्री जयपाल यादव तथा संगीत प्रतियोगिता में श्री परमानंद मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन हेतु संचालित योजना का लाभ प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। इस पर प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को पात्र वरिष्ठ नागरिकों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

सियान गुड़ी के वरिष्ठ नागरिक श्री परमानंद मिश्रा एवं श्री सूरज सोनी ने सुमधुर भजन और स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति को उपस्थित जनों ने खूब सराहा। प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने वरिष्ठ नागरिकों की प्रतिभा और उत्साह की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सियान गुड़ी में उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

समाज कल्याण विभाग की इस महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत वर्तमान में सियान गुड़ी में जिले के 94 वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 32 वरिष्ठ नागरिकों को नियमित रूप से फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

सियान गुड़ी में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से वरिष्ठ नागरिक विभिन्न मनोरंजक, सांस्कृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में भाग लेते हैं। वहीं प्रतिदिन शाम 6 बजे सभी पंजीकृत वरिष्ठ नागरिकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में सुंदरकांड का पाठ किया जाता है। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ भी सामूहिक रूप से मनाई जाती है, जिससे उन्हें पारिवारिक वातावरण और आत्मीयता का अनुभव होता है।