रसोई गैस में 29 रुपये की बढ़ोत्तरी ; तीन महीने में दूसरी बार महंगा हुआ घरेलू सिलिंडर
नई दिल्ली । आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून यानी आज से लागू हो गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो जाएगी। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।
क्यों बढ़ाए गए LPG के दाम?
न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मार्च में की गई 60 रुपये की वृद्धि के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा था। ताजा संशोधन से पहले सरकारी तेल कंपनियों को हर घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। ऐसे में बढ़ती लागत को देखते हुए कीमतों में इजाफा करना आवश्यक माना गया।
तेल कंपनियों पर अब भी दबाव
मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कुल मिलाकर ₹7.50 प्रति लीटर बढ़ चुकी हैं, जबकि CNG करीब ₹6 प्रति किलो महंगी हुई है। अनुमान है कि कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कमर्शियल सिलिंडर के बढ़ चुके है दाम
इससे पहले 1 जून को कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमतों में बदलाव किया गया था। नई दरों के तहत दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जबकि कोलकाता में इसके दाम 53.50 रुपये बढ़े। इसके अलावा पांच किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलिंडर की कीमत भी 11 रुपये बढ़ाई गई है। दिल्ली में अब यह सिलिंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
सरकार बोली- दुनिया में सबसे कम, जानें विदेशों में क्या कीमत?
इस बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सरकार पर जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया है। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि भारत में आज भी गैस सिलिंडर दुनिया के कई देशों के मुकाबले काफी सस्ता मिल रहा है और सरकार आम लोगों को बड़ी राहत दे रही है।
आखिर गैस सिलिंडर की कीमत फिर क्यों बढ़ी?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में संकट की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमत तेजी से बढ़ी है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों का असर सीधे घरेलू बाजार पर पड़ता है।
सरकार ने बताया कि फरवरी 2026 में सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस करीब 543 डॉलर प्रति टन थी, लेकिन पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज मार्ग पर असर पड़ने के बाद यह बढ़कर जून में करीब 790 डॉलर प्रति टन पहुंच गई। यानी चार महीनों में करीब 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसी वजह से गैस कंपनियों की लागत बढ़ी और सिलिंडर महंगा करना पड़ा।
क्या सच में भारत में गैस दुनिया से सस्ती है?
भारत में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत बढ़ने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या वाकई भारत में गैस दूसरे देशों के मुकाबले सस्ती है। सरकार ने अलग-अलग देशों के आंकड़े जारी कर दावा किया है कि भारतीय उपभोक्ता अभी भी दुनिया के कई देशों से कम कीमत पर रसोई गैस खरीद रहे हैं।
भारत में सामान्य उपभोक्ता को 14.2 किलो का घरेलू सिलिंडर 942 रुपये में मिल रहा है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 300 रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद यही सिलिंडर प्रभावी रूप से 642 रुपये का पड़ता है।
विभिन्न देशों में 14.2 किलो LPG सिलिंडर की कीमत
देश सिलिंडर की कीमत
भारत (उज्ज्वला) 642 रुपये
भारत (सामान्य उपभोक्ता) 942 रुपये
पाकिस्तान 1046 रुपये
नेपाल 1207 रुपये
बांग्लादेश 1225 रुपये
श्रीलंका 1241 रुपये
अमेरिका 1755 रुपये
ऑस्ट्रेलिया 1765 रुपये
कनाडा 2411 रुपये
