मामूली विवाद पर हत्या करने के दो आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा – मामूली विवाद के चलते गला दबाकर डण्डा , हाथ मुक्का से मारपीट कर हत्या की घटना को अंजाम देने के दो आरोपियों को थाना पामगढ पुलिस ने चंद घंटों के भीतर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल ने बताया कि मृतक जगदीश प्रजापति अपनी पत्नी दिव्या और डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ 29 अप्रैल को रिश्तेदार के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने खरखोद गांव आया था। रात्रि लगभग साढ़े ग्यारह बजे वह शराब के नशे में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ विवाद करने लगा। बच्चे के ऊपर पैर रखने और गाली-गलौच करने पर पत्नी ने उसे समझाने की कोशिश की , लेकिन विवाद बढ़ गया। इसके बाद जगदीश घर छोड़कर गांव में ही एक अन्य स्थान पर जाकर सो गया , सुबह पता किया तो वहां पर नहीं था, आसपास पता किया तो भी पता नहीं चला। इसके बाद 03 मई को उसका शव गांव में एक घर के पीछे दीवार के पास संदिग्ध हालत में मिला , जिसके शरीर में सड़न शुरू हो चुकी थी। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच पंचनामा कार्यवाही में लिया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया , पीएम रिपोर्ट के आधार पर थाना पामगढ में अपराध कमांक 191/26 धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया। हत्या के मामले को गंभीरता को देखते हुये प्रभारी पुलिस अधीक्षक जांजगीर चांपा श्रीमती निवेदिता पॉल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में अज्ञात आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही है। इसी कड़ी में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में थाना पामगढ पुलिस द्वारा आरोपी देसाई कुम्हार व रामनारायण प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। जिसमें उनके द्वारा गला दबाकर , डंडा , हाथ मुक्का से मारपीट कर हत्या करना जुर्म स्वीकार किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से पामगढ़ पुलिस ने दोनो आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी , उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू , एएसआई संतोष बंजारे , प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कडेय , राजेश कोशले , मंजू सिंह , आरक्षक भुवनेश्वर पटेल , श्याम ओग्रे और महिला आरक्षक सविता पटेल थाना पामगढ का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपीगण –
देसाई कुम्हार पिता जयसिंह उम्र 42 वर्ष निवासी – खरखोद , थाना – पामगढ़ और रामनारायण प्रजापति पिता जयसिंह उम्र 44 वर्ष निवासी – ठाकुरदेवा , चौकी – मल्हार , थाना – मस्तूरी , जिला – बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।
