June 7, 2026

दिवंगत निरीक्षक की पत्नि को मिला एक करोड़ जीवन बीमा का लाभ

DSC132261

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

सरगुजा – छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के लिये बनाये गये महत्वाकांक्षी योजना पुलिस सैलरी पैकेज के तहत एसबीआई के अधिकारियों द्वारा जिला जशपुर के दिवगंत निरीक्षक रामसाय पैकरा की पत्नि मुनेश्वरी पैकरा को एक करोड रू. मात्र का जीवन बीमा सहायता प्रदान किया गया। निरीक्षक रामसाय पैकरा सरगुजा रेंज अंतर्गत जिला जशपुर में थाना प्रभारी नारायणपुर के पद पर पदस्थ थे। वे पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित चंदखुरी में सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में सम्मलित होने गये थे। रिफ्रेशर कोर्स समाप्ति पश्चात विगत माह 27 जुलाई 2025 को अपने घर सुरगांव सीतापुर आये थे , इसी दौरान घर में बिजली करंट की चपेट में आने से उनकी असामयिक निधन हो गया था। पुलिस विभाग में उनकी नियुक्ति आरक्षक के पद पर जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में 01 जून 1983 को हुई थी। उनकी पदोन्नति वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक के पद पर हुआ , वर्ष 2004 में सहायक उप निरीक्षक , वर्ष 2009 में उप निरीक्षक के पद पर एवं 2014 से निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुये थे। वे अपनी सेवाकाल के दौरान पुलिस विभाग में विभिन्न जिलो में रहकर अपनी सेवा दिये थे और वर्तमान में जिला जशपुर में वर्ष 2022 से पदस्थ होकर कार्य कर रहे थे। सेवानिवृति से करीब छह माह पूर्व उनका करेंट लगने से दुर्घटना कारण से असामयिक निधन हो गया। वे विभाग में बेहद सरल , सौम्य एवं व्यवहारकुशल व्यक्तित्व के धनी एवं अपने कर्तव्य एवं जिम्मेदारियों को तत्परतापूर्वक निर्वहन करने वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के भविष्य के लिये महत्वाकांक्षी निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू किया गया है। जिसके तहत स्वः निरीक्षक रामसाय पैकरा के नामिनी पत्नि मुनेश्वरी पैकरा को एक करोड़ रूपये मात्र का जीवन बीमा सहायता चेक एसबीआई के उप महाप्रबंधक बिलासपुर आलोक रंजन , एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर अविनाश पाणिग्रही , मुख्य प्रबंधक एसबीआई अंबिकापुर शिरीष गीर एवं मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर चंदन राठौर द्वारा उनके परिजनों को उनकी जीवन बीमा की चेक सौपा गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के द्वारा बैंक से आये सभी बैंक अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने हेतु उन्हें धन्यवाद दिया गया। यह सहायता ना केवल परिवार को वित्तीय संबल के रूप में बल्कि विभागीय संवेदना व विभागीय उत्तरदायित्व के प्रतीक के रूप में प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि एसबीआई निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुये एमओयू.के तहत संचालित एक कल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत जिन पुलिसकर्मियों के वेतन खाते एसबीआई में संचालित होते है। पुलिस कर्मी के दुर्घटना पर आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके वैद्य नामिनी को एक करोड़ रूपये का जीवन बीमा कवर , सामान्य मृत्यु की स्थिति में दस लाख रूपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किये जाने का प्रावधान है। बिलासपुर से आये एसबीआई के उप महाप्रबंधक बिलासपुर आलोक रंजन एवं एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर अविनाश पाणिग्रही द्वारा विभाग से अपील की गई है कि सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने वेतन खाते को अनिवार्य रूप से निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत रजिस्ट्रेशन करवाकर अपने परिवार का जीवन सुरक्षित करायें। जिस दौरान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा एसबीआई के अधिकारियों को रेंज के समस्त पुलिस सैलरी पैकेज के तहत लंबित प्रकरणों के निराकरण कर वैद्य नामिनी को नियमानुसार सहयोग प्रदान करने हेतु चर्चा किया गया।